Manoranjan
Movie Masala Movie Masala दुबई. बालीवुड के शोमैन नाम से जाने जाने वाले मशहूर निर्माता-निर्देशक राज कपूर की फिल्मों को ओमान में दिखाया जाएगा। समारोह का आयोजन भारतीय दूतावास के साथ मस्कट स्थित इंडियन सोशल क्लब करेगी।
अपने काम की बारीकी के लिए मशहूर इस महान हस्ती की 1940 से लेकर 70 के दशक की फिल्मों को श्रद्धांजलि स्वरूप दिखाया जाएगा। राज कपूर की फिल्में आज भी अपना जादू बिखेर रहीं हैं। कपूर परिवार की फिल्में आज भी भारतीय सिनेमा का अभिन्न हिस्सा है।
राज कपूर की फिल्मों के कद्रदान फिल्मों के बड़े से बड़े जानकार के साथ समाज का साधारण इंसान तक है। उन्होंने अपनी फिल्मी दुनिया का सफर 11 साल की छोटी उम्र से ही किया लेकिन बतौर अभिनेता उनकी पहली फिल्म 1947 की नील कमल रही। उसके बाद फिल्मों के निर्माण के साथ उन्होंने कई फिल्मों का निर्देशन भी किया।
राज कपूर की पसंदीदा फिल्म मेरा नाम जोकर, जो बाक्स आफिस पर नहीं चल पाई लेकिन बाद में इसे प्रशंसकों के साथ आलोचकों ने भी सराहा और आज इसे एक क्लासिक फिल्म के रूप में देखा जाता है। राज कपूर ने कई महिला प्रधान विषयपरक फिल्में बनाई, जिनमें सत्यम शिवम सुंदरम और प्रेम रोग शामिल है।
फिल्म समारोह 27 मई से लेकर 10 जून तक चलेगा। इसका उद्घाटन ओमान के भारतीय राजदूत अनिल वाधवा करेंगे। फिल्म का मंचन लेखागार में रखे फिल्मों की उपल्बधता के हिसाब से दिखाई जाएंगी। इनमें सत्यम शिवम सुंदरम, बॉबी, संगम, जिस देश में गंगा रहता है, बूट पालिश, आवारा और बरसात शामिल है।