HomeNewsMetrosMumbai Mumbai

मानसून में सट्टेबाजों पर बरसेगा पैसा

मुंबई. आईपीएल ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में व्यस्त सट्टेबाजों ने इस टूर्नामेंट के खत्म होने के बाद मानसून पर सट्टा खेलने की तैयारी कर ली है। मुंबई में हुई देश के बड़े सट्टेबाजों की बैठक में इसकी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। इस साल मानसून के आगमन, बारिश के औसत आदि पर कुल 2,700 करोड़ रुपए से अधिक दांव पर लगने का अनुमान है।

सूत्रों के अनुसार, मुंबई के एक होटल में तीन दिन पहले हुई इस बैठक में भोपाल, इंदौर, जयपुर, पाली, अहमदाबाद, राजकोट, गुवाहाटी और कोलकाता शहरों के सट्टेबाजों या उनके प्रतिनिधियों ने शिरकत की। सट्टा जून से सितंबर तक के लिए खेला जाएगा लेकिन चारों महीनों के भाव अलग-अलग रहेंगे।

मानसून में बारिश का स्तर वैसे तो प्रकृति तय करती है, लेकिन सट्टेबाजों की माने तो उन्हें इस बार बारिश के 2,100 मिमी का औसत स्तर पार होने की संभावना नजर नहीं आती।

जून-जुलाई पर जोर : सट्टेबाजों का अनुमान है कि मानसून का जोर जून-जुलाई में अधिक रहेगा, जबकि अंतिम दो माह अगस्त-सितंबर में मध्यम से लेकर सामान्य बारिश होगी। यही कारण है कि उन्होंने जून-जुलाई के लिए सट्टे के भाव क्रमश: 35-42 पैसे से खोल कर 2.10 व 2.90 रुपए पर बंद किए हैं। अगस्त में बारिश के भाव 45 और सितंबर में 42 पैसे से खोले हैं, जबकि बंद भाव क्रमश: 3.35 और 6 रुपए आंके गए हैं।

मानसून के रुझान के लिए सट्टेबाजों ने मौसम विभाग के साथ-साथ कोलाबा वेधशाला की वेबसाइट पर भी ध्यान रखने का फैसला किया है। वेबसाइट पर सुबह 8.30 बजे और शाम 8.30 बजे बारिश को लेकर दिए जाने वाले अनुमान के आधार पर सौदे लिए जाएंगे। एक सट्टेबाज ने कहा, मानसून की सट्टे की कीमत तय करते वक्त बारिश से जुड़ी भविष्यवाणी को ही आधार रखा जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: