मुंबई. सेशन कोर्ट ने अभिनेता संजय दत्त और मान्यता को राहत देते हुए मान्यता व उसके पहले पति मेराज के तलाक को वैध करार दिया है। कोर्ट ने इसी के साथ निचली कोर्ट में संजय व मान्यता के पेश होने के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के आदेश को रद्द कर दिया। मान्यता की ओर से दायर अर्जी पर बुधवार को सुनवाई करते हुए एडिशनल जज एसएन सरदेसाई ने अपने फैसले में कहा कि मुस्लिम विवाह कानून के अनुसार मान्यता व मेराज का तलाक जायज है।
और कानूनन तलाक लेने के बाद महिला किसी अन्य पुरुष से शादी करने के लिए स्वतंत्र है। संजय व मान्यता की शादी की खबर सामने आने के बाद मेराज शेख ने बांद्रा मेट्रोपोलिटन कोर्ट में मामला दायर कर दावा किया था कि दोनों की शादी गैरकानूनी है, क्योंकि मान्यता से उसका अब तक तलाक नहीं हुआ है। उसका यह भी कहना था कि उसे तलाक के लिए न तो काजी की ओर से कोई नोटिस मिला था और न ही उसने तलाक के लिए अपनी सहमति दी थी।
मेट्रोपोलिटन कोर्ट ने मामले पर सुनवाई करते हुए कहा था कि मुस्लिम विवाह कानून के तहत काजी को पति की सहमति के बिना शादी को समाप्त करने का अधिकार नहीं है। इसी के साथ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने संजय व मान्यता को कोर्ट के समक्ष पेश होने के आदेश दिए थे। मेराज इन दिनों अवैध वसूली के एक मामले में जेल में बंद है।