कोलकाता. छह राज्यों में एक साल के पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संस्थान (नाको) ने फैसला किया है कि एड्स पर काबू पाने के लिए फीमेल कंडोम के इस्तेमाल पर जोर देने का कार्यक्रम पूरे देश में चलाया जाएगा।
हिंदुस्तान लेटेक्स परिवार नियोजन प्रमोशन ट्रस्ट की राष्ट्रीय प्रोजेक्ट मैनेजर कविता पॉटुरी ने कहा कि पहले चरण में पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में कार्यक्रम का क्रियान्वयन किया जाएगा और इसमें सबंधित सभी एनजीओ का सहयोग लिया जाएगा।
ट्रस्ट को नाको द्वारा इस गर्भ निरोधक उपाय के प्रचार के लिए नियुक्त किया गया है। उपरोक्त चार राज्यों के अलावा कर्नाटक और गुजरात में अप्रैल 2007 में पायलट प्रोजेक्ट लॉंच किया जा चुका है। पॉटुरी का कहना है कि प्रोजेक्ट की सफलता के बाद पूरे देश में अभियान चलाया जाएगा।
अगले चरणों में 250 एनजीओ की सहायता से नाको फीमेल कंडोम के इस्तेमाल पर जोर देने का कार्यक्रम चलाएगा। इस कार्यक्रम के लिए नाको 15 लाख अपडेट फीमेल कंडोम (एफसी-2) खरीदेगा जिनका उत्पादन हिंदुस्तान लेटेक्स लि द्वारा किया गया है। इन कंडोम का प्रचार सुरक्षित सैक्स और सामाजिक मार्केटिंग में प्रशिक्षित सहयोगियों द्वारा किया जाएगा।