न्यूयार्क.
अगर टमाटर को निर्जलीकृत (सूखा टमाटर) कर दिया जाए तो यह प्रोस्टेट कैंसर से लड़ने में सक्षम हो सकता है। यह बात एक नए शोध से सामने आई है।
मिसौरी विश्वविद्यालय के शोधकर्ता वालेरी वी. मोस्सिन के अनुसार पहले भी कई शोधों में टमाटर का यह गुण सामने आया था लेकिन इसका कारण अभी तक शोधकर्ताओं की निगाह से बचा हुआ था।
मोस्सिन और उनके सहयोगियों ने पता लगा लिया है कि निर्जलीकृत टमाटर में मौजूद फ्रूहिज नामक एक काबरेहाइड्रेट ही उसके इस कैंसररोधी गुण के लिए जिम्मेदार होता है।
शोध के दौरान चूहों को तीन तरह के खाद्य पदार्थ दिए गए- एक टमाटर का पेस्ट, दूसरा टमाटर का पावडर और तीसरा टमाटर के पेस्ट के साथ फ्रूहिज। इसके बाद उन चूहों को प्रोस्टेट कैंसर के लिए जिम्मेदार रसायन इंजेक्शन के माध्यम से दिए गए।
जिन चूहों को फ्रूहिज के साथ टमाटर का पेस्ट दिया गया था वे सबसे लंबे समय तक जिंदा रहने में कामयाब रहे। लगभग 98 फीसदी मामलों में फ्रूहिज ने कैंसर को बढ़ावा देने वाली कोशिकाओं की वृद्धि रोक दी।