Manoranjan
Movie Masala Movie Masala मुंबई.
बॉलीवुड अभिनेत्री आयशा टाकिया छह जून से बैंकाक में शुरू हो रहे नौवें 'इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी' (आइफा) में रैंप पर नजर आएंगी।
आयशा अपने डिजाइनर मित्र विक्रम फडनिस के परिधानों में रैंप पर चलेंगी। उन्होंने कहा कि मैं आइफा में अपने खास दोस्त विक्रम के लिए मौजूद रहूंगी। उन्होंने कई बेहतरीन कपड़े डिजाइन किए हैं।
आयशा ने कहा कि आइफा में उनकी फिल्म 'दे ताली' भी प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने कहा, 'फिल्मों के प्रदर्शन के लिए आइफा एक बड़ा मंच है, क्योंकि विश्व के तमाम हिस्सों से लोग यहां फिल्म देखने पहुंचते हैं। मैं इस समारोह में अपनी फिल्म के प्रदर्शन को लेकर काफी उत्सुक हूं।'
'दे ताली' फिल्म में आयशा के अलावा अफताब शिवदसानी, रितेश देशमुख और रिमी सेन भी हैं। फिल्म में अपने किरदार के बारे में उन्होंने कहा कि फिल्म में मेरा किरदार लड़कों के करीब है। अफताब और रितेश के साथ मेरी दोस्ती को दिखाया गया है।
बैंकाक में तीन दिनों तक चलने वाले इस समारोह की शुरुआत राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'सरकार राज' के साथ होगी। गौरतलब है कि इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन मुख्य भूमिका में हैं।