Manoranjan
Telly Talk Telly Talk मुंबई.
गायिका और अभिनेत्री ईला अरुण का मानना है कि आज दौर रियलिटी शोज का है। यही वजह है कि समय के साथ चलने में उन्हें कोई बुराई महसूस नहीं होती और वे इसी तरह का एक म्यूजिकल रियलिटी शोज करने जा रही हैं।
छोटे परदे को इन दिनों लोकप्रियता हासिल करने का एक सशक्त माध्यम माना जा रहा है। बॉलीवुड की डिफरेंट फील्ड की हस्तियां इस बात को बखूबी जानती हैं। गीतकार, संगीतकार, अभिनेता-अभिनेत्रियां जिसे देखो वही टीवी के किसी न किसी कार्यक्रम में कोई न कोई भूमिका निभाता नजर आ रहा है। ऐसे में भला गायिका और अभिनेत्री ईला अरुण खुद को इस चकाचौंध से क्यों दूर रखें! ईला इस बार एक म्यूजिक रियलिटी शो में शिरकत कर रही हैं।
एनडीटीवी इमेजिन के कार्यक्रम ‘जुनून कुछ कर दिखाने का’ में वे बतौर जज काम कर रही हैं। गौरतलब है कि ईला को प्रमुख रूप से लोक गीतों की विशेषज्ञ माना जाता है। उनकी आवाज की खासियत ही उन्हें दूसरों से अलग मुकाम दिलाती है। इस कार्यक्रम में भी उनकी टीम के सिंगर प्रतिभागियों को फिल्मों के लोकगीत शैली के गीत प्रस्तुत करने होंगे और ईला उनकी मार्गदर्शक भी होंगी। उनके वर्ग को ‘माटी के लाल’ के नाम से पुकारा जाएगा।
ईला को उम्मीद है कि इस नए फॉर्मेट वाले शो को लोग खूब पसंद करेंगे और वे किसी विशेष गायक को वोट करने की अपेक्षा एक विशेष घराने की टीम को सपोर्ट कर चुनेंगे। वे अपने पूर्व शो ‘फेम गुरुकुल’ को भी एक बेहतरीन शो बताती हैं। वे मानती हैं कि इन दिनों रियलिटी शोज की डिमांड बढ़ती जा रही है और उन्होंने भी वक्त के तकाजे को समझते हुए ऐसे शोज करने में परहेज नहीं किया।
उनका कहना है कि इन कार्यक्रमों से युवा उम्मीदवारों को स्टेज मिलता है और आगे बढ़ने का मौका मिलता है। अत: इन कार्यक्रमों पर किसी प्रकार का दोषारोपण नहीं करना चाहिए। ईला फिल्मों में भी सक्रिय हैं और ‘जोधा अकबर’ में उनका क्रूर किरदार सभी को खूब पसंद आया।
उनकी अगली फिल्म ‘महादेव का सज्जनपुर’ एक कॉमेडी फिल्म है। फिर भी वे एक्टिंग की अपेक्षा सिंगिंग फील्ड को ज्यादा पसंद करती हैं और बतौर सिंगर ही अपनी पहचान बनाए रखना चाहती हैं।