लंदन.
एक नए अध्ययन में पाया गया है कि जो लोग रोजाना व्यायाम करते हैं उन्हें शारीरिक गतिविधियों न करने वालों की तुलना में कैंसर की संभावना बहुत कम हो जाती है।
स्वीडिश मेडिकल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने 45 से 76 आयुवर्ग के बीच 40,708 लोगों पर सात वषरे तक अध्ययन किया। इस अवधि में 3,714 लोगों में कैंसर देखा गया और 1,153 लोगों की कैंसर से मृत्यु हो गई।
शोधकर्ताओं ने अध्ययन के दौरान देखा कि करीब 33 फीसदी जिन लोगों ने रोजाना कम से कम आधे घंटे व्यायाम किया था वे दूसरे लोगों की तुलना में कैंसर से बचने में सफल रहे।
शोधकर्ता ऐलेक्जा वॉल्क ने बताया कि इस तरह का यह पहला परिणाम है जिसमें हमने पाया कि कम से कम आधा घंटा रोजाना व्यायाम करने से कैंसर के खतरे को रोका जा सकता था।
उन्होंने बताया कि अध्ययन के दौरान देखा गया कि कैंसर के जिन रोगियों ने नियमित व्यायाम किया था उनकी भी जल्दी मृत्यु की संभावना में कमी आई थी।
इस अध्ययन के निष्कर्ष 'ब्रिटिश जर्नल ऑफ कैंसर' में प्रकाशित हुए हैं।