मुंबई.अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर शुक्रवार को एक कुत्ता आ जाने के कारण आठ विमानों को मुंबई के आसमान में ही चक्कर लगाने पर मजबूर होना पड़ा और पांच को पुणे और अहमदाबाद भेज दिया गया।
इस दौरान 25 उड़ानें लेट हो गईं। सुबह करीब 10:45 बजे यह कुत्ता रनवे के साथ बने टैक्सी के रास्ते पर घूम रहा था। कर्मचारियों द्वारा भगाए जाने पर वह रनवे पर चला गया। इस दौरान कई देशी-विदेशी उड़ानें हवाई अड्डे पर उतरने वाली थीं। करीब एक घंटे तक चले ड्रामे के बाद कुत्ते को रनवे से हटाया गया।
यात्रियों की शिकायत थी कि उन्हें हवाईअड्डे पर इंतजार कर रहे उनके रिश्तेदारों को फोन तक नहीं करने दिया गया। इसी बीच, एक मालवाहक विमान की आकस्मिक लैंडिंग के कारण भी कई उड़ानों में देरी हो गई। शाम तक पूरी स्थिति सामान्य हो सकी।