मुंबई /जयपुर/नई दिल्ली देश के कई हिस्सों में शनिवार को हुई मानसून पूर्व की जोरदार बारिश से लोगों ने जहां राहत ली वहीं कई जगहों पर पानी भर जाने से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया और यातायात प्रभावित हुआ।
मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण पानी भरने से जहां जन-जीवन कुछ देर के लिए थम सा गया वहीं जयपुर में मानसून पूर्व बारिश से जगह-जगह पानी भर गया। यहां मानसून के समय से पूर्व 20 जून तक पहुंचने की संभावना है। मुंबई से मिली खबर के अनुसार तेज बारिश की वजह से सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जाम लग गया तो कहीं ट्रैफिक का मार्ग बदलना पड़ा। रेल यातायात में भी बाध आई। मुंबई के सांताक्रूज इलाके में 160 एमएम और कोलाबा में 79 एमएम बारिश हुई। उधर राजस्थान में मानसून के समय पूर्व प्रवेश की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार इस समय बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। हवाएं काफी तेज चल रही हैं। मानसून मध्य महाराष्ट्र तक पहुंच चुका है। इसके आगे बढ़ाने वाली स्थितियां बनी हुई हैं। अगले दो-तीन दिन में मानसून दक्षिण गुजरात पहुंच जाएगा। उसके एक सप्ताह बाद दक्षिण राजस्थान से राजस्थान में प्रवेश करेगा।
जयपुर के शाहपुर कस्बे में शनिवार शाम हुई जबर्दस्त बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। एक घंटे तक लगातार बारिश से कस्बे में पानी ही पानी भर गया। मुख्य बसस्टैंड पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। उधर मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार को मानसून कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में और आगे तक पहुंच गया है।
पहली ही बारिश में धुले दावे
पहली बारिश ने मुंबई महानगर पालिका के दावों की पोल खोल दी। माहिम-एलफिंस्टन रोड, लालबाग, परेल, विले पार्ले और अंधेरी में बारिश का पानी भर गया। बारिश के कारण माहिम-मांटूगा रेलवे ट्रेक प्रभावित हुआ। कई लोकल ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। हालांकि हवाई उड़ानों पर कोई असर नहीं पड़ा है।