Business
Dalal Street Dalal Street मुंबई. भारतीय कंपनी जगत में खास तौर से चार साल पहले जब से बाजार में तेजी का दौर शुरू हुआ, तब से लेकर अब तक इतनी चुनौतियां पहले कभी नहीं रहीं, जितनी आज हैं।
इस समय ब्याज दर और ऊंची होती जा रही हैं, महंगाई की दर भी निरंतर बढ़ रही है, धारणा भी कमजोर है। इसके बावजूद कुछ अच्छी बातें हैं, जिनका जिक्र किया जाना चाहिए। शेयर बाजार में प्रमुख सूचकांक इस समय गिरावट के बावजूद अपने हाल का न्यूनतम स्तर नहीं तोड़ रहे हैं। सेंसेक्स इस समय 17 मार्च के न्यूनतम 14,809 से 6 फीसदी ऊपर है। बीएसई 500 इंडेक्स भी मार्च के लो से 5.3 फीसदी ऊपर है।
आईटी शेयर पहली पसंद
जिन छोटे-बड़े आईटी शेयरों को निवेशक पूछ नहीं रहे थे, वे हाल की बिकवाली में उनकी आंख का तारा बने हुए हैं। डालर के मजबूत होने से आईटी शेयरों में तेजी बनी हुई है, इस कारण गिरावट के बावजूद प्रमुख सूचकांक तीन माह के न्यूनतम स्तर से नीचे नहीं जा रहे हैं।
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल सिक्यूरिटीज के एमडी रामदेव अग्रवाल के मुताबिक स्पष्ट है कि गिरावट के दौर में हर क्षेत्र के शेयर नहीं गिरते हैं। कुछ गिरते हैं तो कुछ चढ़ते भी हैं। फिलहाल आईटी शेयरों में तेजी है। सबप्राइम संकट की चिंता के बादल छंटने से इन शेयरों में तेजी दिख रही है। कच्चे तेल के दामों से भी आईटी सेक्टर अप्रभावित है, इसलिए भी ये शेयर निवेशकों को पसंद आ रहे हैं।
39.44 फीसदी उछला आईटी इंडेक्स
दस जनवरी को जब सेंसेक्स 21,207 के शिखर पर था तब बीएसई आईटी इंडेक्स 4,147 के स्तर पर था। सत्रह मार्च को जब सेंसेक्स गिरकर 14,809 पर था, तो आईटी सूचकांक गिरते हुए 3,297 पर आ गया था। इस अवधि में सेंसेक्स की 30 फीसदी की तुलना में आईटी इंडेक्स महज 20 फीसदी गिरा। शुक्रवार को आईटी सूचकांक तीन माह पहले के न्यूनतम 3297 के स्तर से 39.44 फीसदी उछलकर 4,598.44 बंद हुआ।