Manoranjan
Telly Talk Telly Talk मुंबई.
महेश भट्ट की खोज और पाकिस्तान की मशहूर फिल्मी तारिका मीरा ने भी अंतत: छोटे पर्दे की ही शरण ली है। वह अपने प्रोडक्शन हाउस के तले एक धारावाहिक बना रही हैं, जिसका नाम है ‘इकरा।’ यह धारावाहिक एक पाकिस्तानी लड़की की असल जिंदगी पर आधारित है, जिसे 26 कड़ियों में प्रसारित किया जाएगा। बताते हैं कि धारावाहिक में केंद्रीय किरदार मीरा ही निभाने वाली हैं।
वह बताती हैं, ‘इस धारावाहिक की यूएसपी पाकिस्तान के ग्रामीण इलाकों में हुई इसकी शूटिंग है। इससे यहां के लोगों को पाकिस्तान के हालात समझने में भी मदद मिलेगी। उन्हें पता चलेगा कि वहां महिलाओं के साथ आज भी दोयम दर्जे का व्यवहार हो रहा है।
दूसरे, धारावाहिक का शीर्षक गीत अदनान सामी ने गाया है।’ धारावाहिक की कहानी एक जुझारू लड़की की है, जो गांव के चौधरी के खिलाफ आवाज बुलंद करती है। पहले पहल तो उसकी आवाज दबाने की हरसंभव कोशिश की जाती है, लेकिन वह हार नहीं मानती और अंतत: जीत उसकी ही होती है।
लेकिन जो गति मीरा की हिंदी फिल्मों में प्रवेश करते हुए थी वही उनके धारावाहिक के साथ भी हो रही है। उनके पिता जो धारावाहिक के सह निर्माता भी हैं, चाहते हैं कि इसे पाकिस्तान में प्रसारित किया जाए।
इसके विपरीत मीरा चाहती हैं कि भारतीय दर्शकों की बड़ी संख्या के मद्देनजर इसे भारत में प्रदर्शित किया जाए। यह दीगर बात है कि भारत में किस चैनल पर यह प्रसारित होगा, यह भी अभी तय नहीं है। हालांकि मीरा कहती हैं कि उनकी कई चैनल्स से बात चल रही हैं और जल्द ही एक से बात फाइनल हो जाएगी।