मेहतपुर (जालंधर). गांव पछाड़ीयां में प्रेमिका से मिलने गए परजीयां गांव के युवक की लड़की के पिता-भाई ने बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। मेहतपुर पुलिस ने युवक के पिता सोहन लाल के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लड़की के पिता गुरपाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि भाई जसदीप फरार है।
युवक के पिता सोहन लाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि उसका बेटा परमजीत उर्फ पम्मा (22 वर्ष) प्लंबर का काम करता था। करीब एक साल पहले परमजीत ने गांव पछाड़ीयां में गुरपाल सिंह के घर पर काम किया था। इस दौरान उसको गुरपाल की लड़की से प्रेम हो गया। इन संबंधों की गवाही परमजीत के मोबाइल से लड़की के साथ खींची गई तस्वीरें देती हैं।
सोहन लाल ने आरोप लगाया कि सोमवार रात परमजीत जब लड़की से मिलने उसके गांव गया तो वहां गुरपाल सिंह और उसके बेटे जसदीप ने उसकी बेरहमी से पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर जब सोहन लाल गणमान्य लोगों के साथ गुरपाल के घर पहुंचे तो वहां परमजीत के हाथ-पांव बंधे देखा और उसके शरीर पर जख्मों के भी निशान थे।
बेटे के मरने की खबर सुनते ही परमजीत की मां बेहोश हो गई। मेहतपुर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि गुरपाल सिंह को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि जसदीप फरार है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।