जालंधर. मेयर राकेश रठौर ने कहा कि डीएवी कॉलेज के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का कार्य प्रगति पर चल रहा है। बीते दिनों दिल्ली में रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक में यह फैसला लिया गया कि रेलवे फाटक अन्य जगह शिफ्ट कर दिया जाए, जिससे ऊपर के भाग को बनाने में परेशानी न खड़ी हो। इस काम में करीब 5 से 6 महीने लगेंगे। राठौर शनिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि दोमोरिया का 90 फीसदी काम हो चुका है और 31 मार्च 2009 से पहले फ्लाइओवर शुरू हो जाएगा। आरओबी का शेष भाग रेलवे बोर्ड पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा करवाया जा रहा कार्य 5 महीने में पूरा होगा। कोड ऑफ कंडक्ट खत्म होने के बाद शहर में विकास कार्य शुरू होंगे। इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया, डिप्टी मेयर प्रवेश तांगड़ी, निगम के ज्वाइंट कमिश्नर राहुल गुप्ता, एसई बधवा आदि उपस्थित थे।
मेयर ने कहा कि जलभराव को देखते हुए शहर में विभिन्न स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्ंिटग लगाने की योजना तैयार की गई है। हालांकि मानसून पहले आने से दिक्कतें पैदा हुई हैं, लेकिन हार्वेस्ंिटग सिस्टम लगाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
ठेके पर रखेंगे माली
शहर के पार्को की देखरेख के लिए दो महीने के लिए नगर निगम अस्थायी मालियों की भर्ती करेगा। मेयर राकेश राठौर ने बताया कि चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अभी यह तय नहीं है कि कितने माली रखें जाएंगे। मेयर ने कहा कि 2 महीने के बाद मालियों को सोसाइटियों के जिम्मे किया जा सकता है, जिसके लिए मोहल्ला सोसाइटियों से बात की जाएगी।