HomeSportsOther Sports Other Sports

वर्ल्ड चैंपियन हारा

विएनाचार बार के विश्व चैंपियन इटली को ‘यूरो कप फुटबॉल 2008’ टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में धूल चटाकर स्पेन सेमीफाइनल में पहुंच गया। इटली और स्पेन के बीच हुए इस मैच का परिणाम पेनल्टी शूट आउट से निकला। इटली और स्पेन के बीच हुए क्वार्टर फाइनल के आखिरी मैच में जब दोनों टीमें 90 मिनट के निर्धारित समय तक एक दूसरे पर गोल नहीं कर सकीं, तो मैच का फैसला करने के लिए पेनल्टी शूट आउट का सहारा लिया गया। पेनल्टी शूट आउट में स्पेन के गोल कीपर आइकर कैसिलास ने दो शानदार बचाव कर सेमीफाइनल में पहुंचने की इटली की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

पेनल्टी शूट आउट में स्पेन यह मैच इटली से 4-2 से जीतने में कामयाब रहा। स्पेन के मिडफील्डर सेस्क फेब्रेगास ने आखिरी पेनल्टी किक पर गोल दागकर लगभग ढाई दशक बाद अपनी टीम को किसी बड़े टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। 1984 के बाद यह पहला मौका है जब स्पेन किसी प्रमुख टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचा है। इससे पूर्व स्पेन 24 साल पहले यूरोपीय चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा था। उसके बाद से स्पेन तीन बड़े टूर्नामेंटों में क्वार्टर फाइनल से आगे बढ़ नहीं पाया।

इस मैच के पहले हाफ में स्पेन के खिलाड़ियों में तालमेल की कमी स्पष्ट रूप से नजर आई। हालांकि दूसरे हाफ में टीम ने अपने खेल में सुधार किया, लेकिन वे इटली की मजबूत रक्षा पंक्ति को भेद नहीं सके। इस मैच में दोनों टीमों को गोल करने के कुछ शानदार अवसर भी मिले पर भाग्य ने उनका साथ नहीं दिया। निर्धारित समय में मैच का नतीजा नहीं निकलने पर क्वार्टर फाइनल की तरह ही इस मैच में भी अतिरिक्त समय दिया गया।

अतिरिक्त समय में स्पेन के खिलाड़ियों ने कुछ अधिक आक्रमकता दिखाई, पर बढ़त लेने में वे सफल नहीं हो सके। पेनल्टी शूट आउट में स्पेन ने चार गोल दागे जबकि इटली के खिलाड़ी मात्र दो ही गोल मार सके। स्पेन के गोल कीपर कैसिलास ने इटली के मिडफील्डर डेनियल डी रोजी और स्ट्राइकर एंटोनियो डी नटेल के शॉट रोक कर अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।

यूरो कप के दूसरे सेमीफाइनल में स्पेन का मुकाबला रूस से 26 जून को विएना में होगा, जिसे स्पेन ने शुरुआती लीग मैच में 4-1 से मात दी थी। जबकि पहला सेमीफाइनल 25 जून को जर्मनी और टर्की के बीच बासेल में खेला जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: