News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati नवलगढ़. क्षेत्र के सोटवारा में रविवार की शाम जोहड़ के कुएं में मिली सड़ी-गली लाश की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने सोमवार सुबह मौके पर ही शव का पोस्टमार्टम करवा दाह संस्कार करवा दिया। पुलिस का मानना है कि मृतक की हत्या कर लाश को कुएं में डाला गया था।
प्राथमिक जांच में यह भी पता चला है कि मृतक को पहले आग से जलाया गया। इससे उसका सिर, चेहरा व हाथ बुरी तरह से जल गए। लाश करीब पांच -सात रोज पुरानी बताई जा रही है। टीम ने जांच के लिए शरीर के नमूने लिए हैं। मृतक के दाएं हाथ में लाल पत्थर की अंगूठी मिली है। पुलिस ने बताया कि नृशंस हत्या के बाद लाश को कुएं में फेंक दिया गया।
सीआई बृजमोहन असवाल ने कहा कि इस व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने पर ही जांच आगे बढ़ पाएगी व डीएनए जांच करवाई जाएगी। गांव वालों ने पहले तो यहां अंतिम संस्कार के लिए मना कर दिया लेकिन बाद में सहमत हो गए। जैसे कि खबर दी जा चुकी है रविवार की शाम गांव के कुएं से 30-35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव नग्न अवस्था में कुएं में पड़ा मिला था। पुलिस को कुएं से जनाना कपड़े भी मिले थे।