HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

बीच बाजार झुंझुनूं के किसान से लूट

सीकर. पुलिस की नाक में दम कर चुके लुटेरों ने अब शहर में दस्तक दे दी है। शहर के व्यस्ततम इलाके फतेहपुरी गेट पर सोमवार शाम बाइक सवार लुटेरों ने किसान के थैले में रखे बीस हजार लूट लिए। शोर मचाने पर लुटेरे कुछ दूर पर थैला छोड़कर फरार हो गए। लुटेरों की तलाश में दो घंटे तक पुलिस की गाड़ियां दौड़ती रही, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं आए।

शहर के भीड़भाड़ वाले इस इलाके में लुटेरों ने शाम छह बजे दस्तक दी। झुंझूनूं के सूरजगढ़ निवासी रामप्रताप पुत्र भोलानाथ अपने दामाद अशोक के साथ थैले में बीस हजार रुपए लेकर ट्रैवल्स एजेंसी जा रहा था। दोनों ने फतेहपुरी गेट पर चाय पी। ईदगाह की ओर दोनों बढ़े ही थे कि पीछे से बाइक सवार दो लुटेरे आंधी की तरह आए और रामप्रताप के हाथ से नोटों का थैला लूटकर भागने लगे।

लुटेरों को देखकर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया, घिरने के डर से कुछ आगे जाकर ही लुटेरे थैला छोड़कर सालासर बस स्टैंड की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी पाकर डीएसपी सिटी अनंत कुमार, कोतवाल महमूद खां मौके पर पहुंचे।

रामप्रताप को साथ लेकर बाइक लुटेरों की तलाश में दो घंटे तक कांबिंग की। सालासर बस स्टैंड समेत कई स्थानों पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू करा दी गई। बावजूद इसके लुटेरे पुलिस के हाथ नहीं आए। दो घंटे तक तलाश करने के बाद बैरंग लौैटी पुलिस अब घटना को ही संदिग्ध बता रही है।

क्यों न बढ़े हिम्मत
सरेशाम शहर के बीचोंबीच लूट का प्रयास कर आसानी से फरार हो जाने वाले बाइक सवार लुटेरों की हिम्मत आखिर क्यों न बढ़े। लुटेरे भले ही रकम ले जाने में सफल नहीं रहे, इसके बावजूद पुलिस अपनी इज्जत बचाने में जुटी हुई है। डीएसपी और कोतवाल की गाड़ियां दो घंटे तक लुटेरों की तलाश में दौड़ती रहीं, लेकिन जब वे हाथ नहीं आए तो घटना ही संदिग्ध बता दी।

वारदात-दर-वारदात
दादिया पेट्रोल पंप लूटकांड छह दिन पहले ही कार सवार छह लुटेरों ने दादिया के पेट्रोल पंप पर धावा बोल दिया था। वहां सो रहे दो पंपकर्मियों को मारपीट कर 50 हजार रुपए लूटकर बड़ी आसानी से फरार हो गए। पुलिस इस मामले में अंधेरे में तीर चला रही है। अब तक पुख्ता जानकारी हाथ नहीं लग सकी है।

श्रीमाधोपुर लूटकांड
चार महीने पहले ही सुराणी मार्केट में व्यापारी पवन सोलावाला को पिस्तौल दिखाकर बाइक सवार दो लुटेरे सरेशाम पौने चार लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। लुटेरे अब तक पकड़ से बाहर हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: