जालंधर. फिरोजपुर डिवीजन के डिवीजनल रेलवे मैनेजर सतीश अग्निहोत्री ने सोमवार को फिर जालंधर रेलवे स्टेशन पर गंदगी देख स्टेशन अधिकारियों को लताड़ लगाई। हालांकि इस बार स्टेशन मास्टर ने डीआरएम को खुश करने के लिए सुबह ही चीफ हैल्थ इंस्पैक्टर (सीएचआई) को सफाई व्यवस्था दुरुरस्त करवाने के आदेश दिए थे।
स्टेशन मास्टर ने खुद प्लेटफार्म नंबर ए-वन पर बने शौचालय की सफाई करवाई। मुलाजिमों ने ट्रैक, प्लेटफार्म की सफाई तो की लेकिन वह जनरल वेटिंग रूम में बने शुलभ शौचालय की सफाई करना भूल गए, जिसके चलते अधिकारियों को फिर डीआरएम के क्रोध का सामना करना पड़ा।
डीआरएम सतीश अग्निहोत्री, सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर बृजेश धर्माणी सहित फिरोजपुर डिवीजन के हर विभाग के उच्चधिकारी अमृतसर रेलवे स्टेशन, ब्यास स्टेशन का विंडो सर्च करते हुए बाद दोपहर दो बजे जालंधर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। पहले वह जनरल वेटिंग रूम में बने सुलभ शौचालय की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां गंदगी देख डीआरएम ने सीएचआई नारगा और डॉ. कटारिया पर गुस्सा उतारा।
निरीक्षण के दौरान वह वीआईपी वेटिंग हाल में बने शौचालय में भी पहुंचे, जहां सफाई देख उन्होंने संतुष्टि जताई। डीआरएम ने आरक्षण टिकट काउंटरों पर लगी भीड़ को देखा। इसके बाद उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्टेशन के बाहरी हिस्से को खूबसूरत बनाने का आदेश दिया।
इसलिए नहीं उठते प्लेटफार्म से पार्सल
निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म नंबर ए-वन के बीचो-बीच पड़े पार्सलों के बंडलों को देख उन्होंने अधिकारियों से इन्हें न उठाने का कारण पूछा। उसके बाद प्लेटफार्म नंबर दो पर बने पार्सल कैबिन को दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने का आदेश दिया। पानी की पाइप लीक करती देख डीआरएम भड़क उठे।
इसके बाद वह अपने स्पैशल डिब्बे में बैठ अधिकारियों को बाय-बाय करते फिरोजपुर के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर आरपीएफ के सत्यप्रकाश, टीआई सुभाष घोष, एरिया ट्रैफिक मैनेजर बलदेव सिंह, यार्ड चीफ मास्टर एस.एस वालिया, सीएचआई नागरा, सीएमआई यशवंत सिंह सहित कई अधिकारी व मुलाजिम मौजूद थे।