जालंधर. अमृतसर रेलवे अधिकारियों की लापरवाही का खमियाजा शताब्दी एक्स्प्रैस के यात्रियों को भुगतना पड़ा। सोमवार शाम अमृतसर से नई दिल्ली जाने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रैस के कोच नंबर सी-13 का एसी खराब होने से यात्रियों के गर्मी में सफर करना पड़ा।
यात्रियों ने जब कोच इंचार्ज से एसी न चलने का कारण पूछा तो उसने बताया कि एसी पुराने होने के कारण खराब हो गए हैं। इस पर यात्रियों ने उनसे शिकायत पुस्तिका की मांग की। उसने कहा कि शिकायत पुस्तिका ट्रेन गार्ड के पास होती है।
जब यात्री गार्ड के पास गए तो उसने पुस्तिका कोच इंचार्ज के पास होने की बात कही। गुस्साए यात्रियों ने कोच में ही रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और किराया रिफंड करने की मांग की।
यात्रियों ने शिकायत पुस्तिका न मिलने पर ‘दैनिक भास्कर’ को मोबाइल फोन के जरिए सारे मामले की जानकारी दी। गौरतलब है कि भास्कर ने स्वर्ण शताब्दी का जालंधर रेलवे स्टेशन से अमृतसर तक सफर कर उसके अंदर की खामियों को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।