HomeNewsPunjabAmritsar Amritsar

पानी को लेकर लोहगढ़ में चक्काजाम

अमृतसर. लोहगढ़वासियों ने पेयजल की किल्लत को लेकर सोमवार को अढ़ाई घंटे चक्का जामकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्रीय विधायक और स्वास्थ्य मंत्री प्रो. लक्ष्मीकांता चावला के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मेयर श्वेत मलिक का पुतला फूंका। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान शीघ्र न हुआ तो उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रधान संजय शर्मा के नेतृत्व में लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने अफसरशाही को खूब लताड़ा। तजिंदर कुमार, जुगल किशोर, सागर, लक्ष्मण कुमार, अजय सेठ, रमन पहलवान, रमेश कोहली, रिंकू, विक्की, धर्मा, अशोक कुमार ने कहा कि क्षेत्रीय पार्षद प्रवीण कंवर और विधायक प्रो. लक्ष्मीकांता चावला लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं।

उन्होंने बताया कि ट्यूबवैल पिछले दो सालों से बंद पड़ा है, लेकिन किसी ने वैकल्प ढूंढ़ने का प्रयास नहीं किया। निगम अधिकारियों ने भी कई बार समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, पर अभी तक कुछ नहीं हुआ है।

मौके पर मौजूद एक्सईएन सुनील उप्पल ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोगों का गुस्सा ठंडा होता दिखाई नहीं दिया। उप्पल ने बताया कि ट्यूबवैल का अस्टीमेट तैयार है। हाऊस की मंजूरी के बाद ट्यूबवैल लगा दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुबह तक पानी की किल्लत को काफी हद तक दूर कर दिया जाएगा।

कंट्रोल से बाहर हुई भीड़
पानी को लेकर लोगों के आक्रोश का नेतृत्व भाजयुमो प्रधान संजय शर्मा ने किया। चौक जाम होने के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री प्रो. लक्ष्मीकांता चावला और मेयर श्वेत मलिक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। अपने नेताओं के खिलाफ नारेबाजी होती देख शर्मा प्रदर्शन से कन्नी काट गए। उन्हें लोगों को समझाने का भी प्रयास किया, पर कोशिश विफल रही।

युवाओं ने हुड़दंग मचाया
प्रदर्शन के दौरान भड़के युवाओं ने चौक में खूब हुड़दंग मचाया। राहगीरों से बदतमीजी तक करने से परहेज नहीं किया गया। हैरानी की बात यह है कि अढ़ाई घंटे चले ट्रैफिक के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। हुड़दंगियों ने लोगों की गाड़ियां तक पलट दीं। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास नहीं किया।

एमपी फंड से लगेगा ट्यूबवैल
संजय ने बताया कि लोगों की समस्या को देखते हुए सांसद नवजोत सिंह सिद्धू से फोन पर बातचीत हुई है। उन्होंने ट्यूबवैल लगाने के लिए जगह का प्रबंध करने को कहा है। जगह मिलते ही एमपी फंड से पंद्रह दिनों के अंदर ट्यूबवैल लगाकर लोगों को पेयजल समस्या से निजात दिलाई जाएगी। कांग्रेसी पार्षद प्रवीण कंवर ने कहा कि विपक्षी दल के होने की वजह से उनकी वार्ड को उपेक्षित रखा जा रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: