पानीपत/समालखा.गांव डिडवाड़ी में मंगलवार को आर्थिक तंगी से परेशान पति-पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। पड़ोस में रहने वाले लोगांे ने घटना की जानकारी पुलिस व गांव के सरपंच को दी।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भेज दिया। यूपी के बागपत निवासी पूनम व डिडवाड़ी के सतबीर की शादी 21 अप्रैल को हुई थी। सतबीर कोई काम नहीं करता था।
सतबीर का पिता रामचंद समालखा रेलवे पर नौकरी तैनात है। उसके माता-पिता समालखा में रेलवे क्वार्टर में रहते हैं। सतबीर व पूनम गांव में अकेले रहते थे। परिवार की माली हालत होने के कारण दोनों ने जान देने का फैसला लिया।
एक ही कड़े में ली फांसी
नवदंपती ने एक ही रस्सी का प्रयोग करते हुए एक कड़े में फंदे से लटककर जान दे दी। पति-पत्नी के फांसी लगाने की खबर गांव में फैलते ही सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए।
फांसी से पहले लिखा सुसाइड नोट
सतबीर व पूनम ने आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट लिखा। इसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं बताया।
उन्होंने बताया कि वे दोनों अपनी मर्जी से फांसी लगाकर जान दे रहे हैं। सुसाइड नोट लिखने के बाद दोनों ने नीचे हस्ताक्षर किए हुए हैं।
दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौके से सुसाइड नोट मिला है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।-तुलाराम, एसएचओ समालखा थाना