अमृतसर. अमृतसर रेलवे स्टेशन का सिग्नल फेल (ट्रैक फेल) होने से ट्रेन यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस कारण मंगलवार देर रात हरिद्वार से अमृतसर आ रही जनशताब्दी एक्सप्रैस रात 9.25 से लेकर 11.15 तक मानावाला रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं, पाकिस्तान से आए यात्रियों को लेकर नई दिल्ली जाने वाली अटारी स्पैशल अटारी स्टेशन पर साढ़े 11 बजे खबर लिखे जाने तक खड़ी रही।
रात के अंधेरे और गर्मी के कारण जन शताब्दी के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोच नंबर सी वन में यात्रा कर रहे शरद कुमार ने बताया कि इतनी देर तक गाड़ी के खड़े रहने से यात्री पीने के पानी तक को तरस गए हैं।
मानावाला में न तो पानी नसीब हुआ और न ही कुछ खाने का सामान। वहीं, रात लगभग आठ बजे रवाना होने वाली दिल्ली-अटारी स्पैशल ट्रेन रात सवा ग्यारह बजे तक अटारी स्टेशन में ही खड़ी रही। इससे पाकिस्तान से आए यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर एक पर इंजन खड़ा था, दो पर नई दिल्ली से आई सुपरफास्ट खड़ी थी और तीन पर देहरादून एक्सप्रैस। इस बीच सिग्नल फेल होने से नई दिल्ली से आ रही शताब्दी को शिवाला फाटक के पास स्थित होम सिग्नल पर रोका गया।
प्लेटफार्म नंबर एक से इंजन हटाकर शताब्दी को प्लेटफार्म नंबर एक पर लाने के लिए रेलवे कर्मचारी मीमो लेकर पहुंचे, तब ड्राइवर शताब्दी को लेकर एक नंबर प्लेटफार्म पर पहुंचा। इसके बाद तीन नंबर से देहरादून एक्सप्रैस को चलाकर उसपर जन शताब्दी को रिसीव किया गया।