अमृतसर. रणजीत एवेन्यू पुलिस चौकी से एयरफोर्स स्टेशन को जाती सड़क के किनारे नगर-निगम द्वारा लगाया गया कूड़े का डंप परेशानी का कारण बना हुआ है। मंगलवार को विभाग के कर्मचारियों ने डंप को आग लगा दी, जिससे इस पॉश एरिया में रहते इलाकावासियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा।
इलाकावासी अमनदीप, पंकज, सिमरनजीत सिंह, शिव कपूर का कहना है कि सड़क के दोनों तरफ इंप्रूवमैंट ट्रस्ट की जमीन है, मगर नगर निगम के कर्मचारी पिछले डेढ़ महीने से यहां कूड़े का डंप लगा रहे हैं।
इलाकावासियों ने रणजीत एवेन्यू में कूड़े का डंप लगाने और बाद में इसे जलाए जाने का सख्त विरोध किया है। उनका कहना था कि पास में ही बच्चों के खेलने का मैदान है। सुबह-शाम लोग भी पारिवारिक सदस्यों के साथ सैर करते हैं, जिससे उन्हें मुश्किल पेश आती है। कूड़े के डंप के पास ही एयरफोर्स स्टेशन है, आग फैलने से कभी भी हादसा पेश आ सकता है।
>> डंप लगाए जाने की जानकारी मेरे नोटिस में नहीं है। मौका देखने के बाद ही मैं कुछ कह सकूंगा।
गुरशरण सिंह बिल्ला, पार्षद, वार्ड 6