HomeSportsCricket Cricket

ऑस्ट्रेलिया की आसान जीत

किंग्सटन. पदार्पण मैच में ‘मैन आफ द मैच’ रहे शान मार्श (81) और नाथन ब्रेकन (4/31) के शानदार खेल की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को पहले वनडे क्रिकेट मैच में 84 रन से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया के आठ विकेट पर 273 रन के जवाब में मेजबान टीम 39.5 ओवर में 189 पर सिमट गई। इसके साथ ही मेहमान टीम ने पांच वनडे मैचों की सीरीज में एक-शून्य की बढ़त ले ली।

टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का मेजबान कप्तान क्रिस गेल का फैसला तब उलटा पड़ गया, जब कंगारू बल्लेबाज शान मार्श विपक्षी गेंदबाजों पर कहर बनकर टूट पड़े। सात चौकों और एक छक्के की मदद से 81 (97) रन बनाने वाले मार्श ने पहले विकेट के लिए शेन वाटसन (31) के साथ 75 रन की साझेदारी की। वाटसन के पैवेलियन लौटने के बाद कप्तान रिकी पोंटिंग और उपकप्तान माइकल क्लार्क भी जल्दी आउट हो गए।

जब टीम का स्कोर 140 रन था, तब सैमी की गेंद पर मार्श को क्रिस गेल ने कैच कर लिया। बहरहाल ‘मिस्टर क्रिकेट’ माइक हसी (44) और ब्रैड हैडिन (50) ने पांचवें विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी कर वेस्टइंडीज के लिए चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। विंडीज की ओर से ड्वेन ब्रावो और सैमी ने दो-दो विकेट लिए।

274 का लक्ष्य लेकर उतरी वेस्टइंडीज की टीम कभी भी जीत की ओर अग्रसर नहीं दिखी। पहला विकेट 11 रन पर गंवाने वाली वेस्टइंडीज की टीम देखते ही देखते 29 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। पदार्पण मैच खेल रहे ए. फ्लेचर (26), ब्रावो (33), विकेटकीपर बल्लेबाज रामदीन (31) और सैमी (33) ने कुछ संघर्ष किया। लेकिन यह जीत की तलाश से ज्यादा सम्मानजनक हार की कवायद ही रही।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: