कराचीकप्तान महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद109) और सुरेश रैना (101) के शतकों की बदौलत भारत ने हांगकांग को जीत के लिए 375 रन बनाने की चुनौती दी है। भारत के लिए धोनी और रैना के अलावा वीरेंद्र सहवाग (78) और गौतम गंभीर (51) ने अहम पारियां खेली। हांग कांग के नजीब अमर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने सहवाग और गंभीर के विकेट झटके।
एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को भारत के कप्तान धोनी ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। भारतीय ओपनर सहवाग और गंभीर ने हांगकांग के कमजोर आक्रमण का लाभ उठाते हुए पहले विकेट के लिए 14.3 ओवर में 127 रन जोड़े।
सहवाग ज्यादा आक्रामक मूड में थे और उन्होंने मात्र 27 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। अपने शुरुआती 50 रन में सहवाग ने 48 रन चौकों और छक्कों की मदद से बनाए। गंभीर ने अपनी 51 रन की पारी में 54 गेंदों का सामना किया और सात चौके लगाए। जब टीम का स्कोर 127 रन था, तब सहवाग आउट हुए। जल्द ही गंभीर भी आउट हो गए। रोहित शर्मा आज रंग में नहीं थे। उन्होंने आउट होने से पहले अपने 11 रन के लिए 29 गेंदों का सामना किया।
159 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद धोनी और रैना ने बल्लेबाजी की कमान संभाली और भारत को तीन सौ के पार पहुंचाया। इन दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 166 रन की साझेदारी की। इस दौरान रैना ने अपने कैरियर का पहला और धोनी ने दूसरा शतक लगाया।
धोनी के मुकाबले रैना ज्यादा आक्रामक रुख अपनाए हुए थे और उन्होंने 66 गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए। धोनी ने अपना शतक 90 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में छह छक्के और छह चौके लगाए।