HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

स्वर हुए कठोर

बीकानेर. अपने नग्मों और गीतों के माध्यम से लोगों का ध्यानाकर्षित करने वाले कलाकार शनिवार को कलेक्ट्री में शिक्षा निदेशालय के मुद्दे पर जिला कलेक्टर का ध्यानाकर्षण करने के लिए पहुंचे।

शहर के इन कलाकारों में जोश तो इस मुद्दे पर समूचे शहर का-सा था लेकिन अंदाज जुदा था। उनके स्वर कठोर थे और हाथ में माइक की जगह था ज्ञापन। इन कलाकारों ने जिला कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में यह स्पष्ट कर दिया कि अगर वे अपनी कला के माध्यम से प्रेम और शांति का संदेश दे सकते हैं तो अपने शहर के हक और अस्मिता के लिए आंदोलन का बिगुल भी बजा सकते हैं। इन कलाकारों ने बीकानेर के साथ बार-बार हो रहे सौतेले व्यवहार पर नाराजगी जताई। इनका कहना है कि चाहे शहर के विकास की बात हो या शिक्षा निदेशालय की।

सरकार ने हर बार बीकानेर की उपेक्षा की है। बीकानेर के विकास पर आबंटित करीब सौ करोड़ रुपए सरकार ने दूसरे जिलों को आबंटित कर दिए। इसके बाद नगर निगम के मुद्दे पर भी बीकानेर के साथ सौतेला व्यवहार किया गया। सभी योग्यताएं पूरी करने के बाद भी सरकार बीकानेर की बजाय ने अजमेर को पहले निगम बनाने की घोषणा कर दी और अब शिक्षा निदेशालय की बात आई तो यहां से स्कूलों की मान्यता का काम छीनकर जयपुर को दे दिया। सरकार के इस निर्णय से निदेशालय कमजोर होगा। लगातार की जा रही उपेक्षा को अब शहर बर्दाश्त नहीं करेगा।

सरकार को यह चाहिए कि बीकानेर के साथ अब सौतेला व्यवहार बंद करे। अगर सरकार ने शिक्षा निदेशालय से छीना काम वापस बीकानेर को अलॉट नहीं किया तो कलाकार अपने स्तर पर आंदोलन करेंगे। इन कलाकारों ने कहा कि बीकानेर ही वह शहर है जिसके लाडलों ने प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। जाहे शिक्षा की बात हो या संगीत की, यहां की प्रतिभाओं ने अपना लोहा मनवाया है। उनकी इस ताकत के पीछे शहर की एकता ही आधार है। सरकार के निर्णयों की खिलाफत में सारा शहर एक स्वर में आवाज उठाएगा।

सरकार के फैसले से नाराज कलाकार
कलाकार जाग्रति मंच के नवरतन किराङू, अमन कला केन्द्र के एम. रफीक कादरी, बीकाणा स्वर संगम के ख्वाजा हसन कादरी, स्टार कला केन्द्र के अनवर अजमेरी, अब्दुल रऊफ राठौड़, गोपाल जोशी, सद्भावना संगीत कला केन्द्र के इकरामुद्दीन कोहरी, इकरार कोहरी, विक्रमसिंह, शमां कला केन्द्र सैयद इकबाल, यादे कला केन्द्र के एम.एस. गौरी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: