HomeBusinessCorporate Corporate

अंबानी और बिग बी बने साझेदार

मुंबई.अनिल अंबानी और अमिताभ बच्चन की दोस्ती अब व्यवसाय में बदल गई है। एडीए समूह की कंपनी बिग एंटरटेनमेंट और अमिताभ बच्चन की कंपनी एबी कॉर्प ने 1,500 करोड़ के संयुक्त उद्यम के करार पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की है।

इस करार के तहत अमिताभ बच्चन का परिवार बिग एंटरटेनमेंट के साथ फिल्म, टीवी, इंटरनेट, लाइव शो और मोबाइल कंटेंट के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। अनिल अंबानी समूह जहां देश के सबसे बड़े उद्योग समूहों में से एक है, वहीं अमिताभ को भारतीय फिल्म जगत का महानायक कहा जाता है। पत्नी जया बच्चन, बेटे-बहू अभिषेक और ऐश्वर्या बड़े स्टार हैं।

बच्चन परिवार के साथ संयुक्त उद्यम की घोषणा करते हुए रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट ने कहा है कि वह फिल्म, टीवी, इंटरनेट, लाइव शो और मोबाइल कंटेंट विकसित करने पर अपना ध्यान केंद्रित करेगी। कंपनी के कहा है कि इस ज्वाइंट वेंचर में बच्चन परिवार के सभी सदस्य - अमिताभ, जया, अभिषेक और ऐश्वर्या अपना सृजनात्मक योगदान देंगे।

वहीं रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट प्रबंधन संबंधी संसाधन उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर उपस्थित अमिताभ बच्चन ने इस करार को भविष्य के लिए प्रगतिकारक कदम बताया और कहा कि गठजोड़ रचनात्मक कार्र्यो और पेशेवर कापरेरेट मैनेजमेंट का बेहतर उदाहरण होगा। इस उद्यम के तहत आधा दर्जन से अधिक फिल्मों के निर्माण की योजना बनाई जा चुकी है।

जिन निर्देशकों को साइन किया गया है उनमें ‘चीनी कम’ वाले आर. बल्की बालकृष्णन, ‘अलादीन’ के निर्देशक सुजोय घोष, अभिषेक के अच्छे दोस्त रोहन सिप्पी और डा. चंद्रप्रकाश द्विवेदी शामिल हैं। इन चारों की फिल्में अगले वर्ष शुरू होने वाली है।

एडीए समूह ने इस करार की घोषणा केन्स फिल्म फेस्टिवल के दौरान हालीवुड में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उतरने की घोषणा के एक माह बाद की है।

हालीवुड में बनने वाली एडीए समूह की फिल्मों में जिम कैरी, ब्रेड पिट, ऐंजेलिना जोली और निकोलस कैग जैसे कलाकारों के काम करने की संभावना है। इसके अलावा एडीए समूह फिल्म निर्माण के लिए जुरासिक पार्क जैसी फिल्में बनाने वाले हालीवुड के शीर्ष फिल्मकार स्टीफन स्पिलबर्ग से बातचीत कर रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: