चंडीगढ़
बुधवार का दिन, दोपहर के 1.50 बजे सेक्टर-27 की कोठी नंबर 1020 में एक छोटा सा केक काटने की तैयारी की जा रही थी। केक काटने से पहले उन आंखों में कुक्कु (कपिल का निक नेम) नाम आते ही चमक आ जाती है। ये आंखें बेशक अब बूढ़ी हो गई हैं लेकिन 1983 के फाइनल मैच की यादें अभी उनके जेहन में ताजा है। यहां बात हो रही कपिल की मां राज लाजवंती की। उनसे पूछा गया कि आज 1983 वल्र्ड कप जीते 25 साल हो गए हैं.. लाजवंती का जवाब था, लगता है कल ही की बात हो।
एक भूचाल सा आ गया था। ओनादी (वेस्टइंडीज) बड़ी कट्टर टीम सी गी, पर कुक्कु ने वी हार नई मन्नी। इस जीत तो बाद क्रिकेट दा वड्डा प्रचार होया। लाजवंती अपने साथ बैठे कपिल के बचपन के दोस्त और पूर्व रणजी क्रिकेटर राकेश जौली की तरफ इशारा करके बोलीं कि ये लोग सारा दिन बस क्रिकेट ही खेलते रहते थे। तब हम सेक्टर-16 में ही रहते थे।
कुक्कु पर एक ही जुनून सवार था कि इंडिया की तरफ से खेलना है। बातचीत के दौरान ही कपिल के बड़े भाई भारत भूषण कमरे में आते हैं, साथ हैं उनके बेटे और कपिल के भतीजे अजरुन। दरअसल केक काटने के लिए इन दोनों का इंतजार हो रहा था। बस फिर भारत भूषण, अजरुन और राकेश जौली के साथ मिल कर मां ने अपने बेटे के नेतृत्व में मिली उस महान जीत को सेलिब्रेट किया। मेरी तबीयत ठीक नहीं रहती और वो भी मुझे लेकर चिंता में रहता है। रोज फोन पर हाल-चाल पूछता है।
बात करते-करते लाजवंती की आंखें नम हो जाती हैं। खुद को संभालते हुए वह कहती हैं, लाखों लोगों की दुआएं हैं कि मेरा कुक्कु इस मुकाम पर पहुंचा है। एहजा पुत्त सारया दे होवें।
अपना बेस्ट देना-भूषण:
कपिल के बड़े भाई भारत भूषण भी पुरानी यादों में खो जाते हैं। जब टीम वल्र्ड कप खेलने जा रही थी तो मैंने कपिल से एक ही बात कही थी कि अपना बेस्ट देना। सच कहूं तो मुझे भी उम्मीद नहीं थी कि टीम वल्र्ड कप जीत जाएगी, लेकिन कपिल की 175 रन पारी ने अहसास दिला दिया था कि यह टीम आसानी से हार मानने वाली नहीं है। यह एक टीम वर्क था जो एक महान जीत के रूप में सामने आया।
जब पत्नी को मैच नहीं देखने दिया:
भूषण इस दौरान एक रोचक किस्से का जिक्र करते हैं। भूषण की पत्नी दीपा प्रेगनेंट थी। फाइनल मैच रोमांचक होता जा रहा था और दीपा भी मैच देखने की जिद कर रही थीं, लेकिन घरवालों ने उन्हें मना कर दिया। जब इंडिया जीत गया तो उन्हें यह खुशखबरी सुनाई गई। फाइनल मैच 25 जून को था और 29 जून को दीपा ने बेटे को जन्म दिया। दीपा ने बताया कि मैं बार-बार कह रही थी कि मुझे मैच देखना है और ये कह रहे थे कि मत देखो वरना अस्पताल ले जाना पड़ेगा।