लंदन.
विश्व कप-1983 की विजेता भारतीय टीम ने जीत की रजत जयंती एतिहासिक लॉर्डस के लांग रूम में मनाई। इस गरिमामय समारोह में कपिल ब्रिगेड द्वारा किए गए प्रदर्शन की उन्मुक्त तारीफ हुई। कपिल ने अपने साथियों के साथ लॉर्डस के पिच का मुआवना किया और उन क्षणों को याद किया जब जीत के बाद सबने खुशी से मैदान में दौड़ लगाई थी।
समारोह में कपिल व टीम के अन्य सदस्यों के दस्तखत वाला हीरा जड़ित बल्ला व हीरा जड़ित गेंद का अनावरण किया गया। इसकी नीलामी शीघ्र ही भारत व इंग्लैंड में साथ-साथ प्रारंभ की जाएगी।
इस अवसर पर वाइन किंग विजय माल्या ने 1983 के जीत के नायकों को एक जगमगाते समारोह में बधाई दी। रजत जयंती के इस मौके पर माल्या की कंपनी यूबी ग्रुप ने जश्न में शामिल क्रिकेट के आइकॉन खिलाड़ियों के सम्मान में वाइन के बेहतरीन ब्रांड्स वाइट एंड मैकी, जूरा, डालमोर और पिंकी वोडका को पेश किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में माल्या ने कहा ‘1983 की जीत भारत के लिए एक विशेष क्षण है और क्रिकेट के इन नायकों का भारत के करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों की ओर से हम सम्मान करते हैं।’
यूबी ग्रुप ने स्पांसर किया: इस अवसर को यादगार बनाने के लिए मुंबई के गीतांजली ग्रुप ने बल्ले और गेंद में जड़े हीरों को स्पांसर किया। इस बल्ले में 25 कैरेट के हीरे जड़े हैं। इस सुनहरे बल्ले तथा गेंद की नीलामी की जानी है। इस नीलामी से एकत्रित की गई राशि को 1983 की विश्व कप विजेता टीम के सभी सदस्यों के बीच बराबर-बराबर बांट दिया जाएगा।
गौरतलब है कि 1983 की विश्व कप विजेता टीम के सदस्य लिटिल मास्टर सुनील गावसकर की कंपनी प्रोफेशनल मैनेजमेंट ग्रुप की ओर से आयोजित इस रजत जयंती समारोह को विजय माल्या की कंपनी ने स्पांसर किया।
माल्या ने कहा ‘मैंने विश्व भर के क्रिकेट प्रेमियों को खिलाड़ियों द्वारा हस्ताक्षरित इस बल्ले की नीलामी में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया है, जिससे कि वे जीत की इस रजत जयंती को सही मायने में अपने लिए यादगार बना सकें।’ खिलाड़ियों को भेंट किए गए वाइन का भी तात्पर्य बताया गया-
1. वाइट और मैकी - वाइन का यह ब्रांड भारतीय टीम द्वारा विश्व कप जीत के लिए तय किए गए सफर को दिखाता है।
2. जूरा - वाइन का यह ब्रांड सरल जीवन शली को प्रतिबिंबित करने के साथ टीम के खिलाड़ियों श्रीकांत, यशपाल शर्मा और संदीप पाटिल की शानदार बल्लेबाजी की याद दिलाने के लिए था।
3. डालमोर- 12 साल पुराने वाइन के इस ब्रांड को ‘किंग ऑफ माल्ट’ कहा जाता है। वाइन का यह ब्रांड कपिल देव और सुनील गावसकर की लीडरशिप की क्षमता को प्रतिबिंबित कर रहा था।
4. पिंकी वोडका- विश्व की सबसे सुंदर मानी जाने वाली पिंकी वोडका प्रत्येक भारतीय के दिलों में बसी 1983 की विश्व कप विजय की खुशनुमा यादों को जीवंत बनाने के लिए पेश की गई।
इस रजत जयंती समारोह में गीतांजली ग्रुप के चेयरमैन मेहुल चौकसी ने कहा ‘कपिल और उनकी टीम ने लॉॅर्डस के मैदान पर 1983 में विश्व कप जीत कर इतिहास रचा था। यह वह मैच था, जिसके बारे में आज भी महान लोग लिखा करते हैं। टीम ने उस समय सही भावना से क्रिकेट खेली।
क्रिकेट के इन नायकों, जिन्होंने देश के लिए विश्व कप जीता, को सलाम करने के लिए हीरे से बेहतर चीज क्या हो सकती थी। क्रिकेट को भारत में पूजा का दर्जा मिला हुआ है। खेल के इस अवसर का हिस्सा बनकर हम काफी खुश हैं।’
>> आज रजत जयंती समारोह बड़ी खबर है देश के लिए न कि भारत में चल रहा राजनैतिक संकट ( वामपंथियों की धमकी)।
शरद पवार बीसीसीआई अध्यक्ष
समारोह की कुछ झलकियां
समारोह का आयोजन लिटिल मास्टर सुनील गावसकर के कारण संभव हुआ।
सभी खिलाड़ियों ने लॉर्डस मैदान का निरीक्षण किया।
बीसीसीआई के अध्यक्ष शरद पवार भी समारोह में शामिल हुए।
भारतीय खिलाड़ी काफी देर तक पैवलियन में खड़े होकर तथा हाथ हिला-हिला कर अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।
गावसकर की कंपनी पीएमजी ने डिनर पार्टी आयोजित की।
इस गेट टू गेदर में चुनिंदा लोग ही शरीक हुए।