HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

पिस्तौल दिखाकर अब गाड़ी लूटी

नीमकाथाना. श्रीमाधोपुर, लोसल, दादिया में पिस्तौल दिखाकर हुई वारदातों का मामला सुलझा नहीं कि मंगलवार रात नीमकाथाना में एक ड्राइवर को रिवॉल्वर दिखाकर बोलेरो जीप लूट ली गई। अपराधियों ने पहले जीप को किराए पर लिया और बाद में शहर से बाहर खड़े साथियों ने चालक को बांधकर जंगल में फेंक दिया। पुलिस सूचना के बाद नाकाबंदी कराई, मगर कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे कस्बे के टैक्सी स्टैंड से एक व्यक्ति ने सराय जाने के लिए राजेंद्र जाखड़ निवासी आदर्श कालोनी से बोलेरो गाड़ी किराए पर ली। गाड़ी चालक राजेंद्र 200 रुपए में किराया तय कर उसके साथ रवाना हो गया। कस्बे से कुछ दूर निकलते ही जीप में बैठे व्यक्ति ने नयाबास के पास जीप को रुकवा लिया। वहां पास में पहले से तैयार खड़े चार लोगों में से एक ने राजेंद्र जाखड़ पर रिवाल्वर तान दी।

अन्य ने पीटना शुरू कर दिया। फिर लुटेरों ने रात करीब एक बजे चालक के हाथ-पैर बांधकर गाड़ी में डाल लिया व नीमकाथाना की ओर रवाना हो गए। इस दौरान लुटेरे ड्राइवर के साथ लगातार मारपीट करते रहे।

नीमकाथाना से कच्चे रास्तों से निकलते हुए हसामपुर गांव के पास अज्ञात लुटेरों ने चालक को जंगल में डालकर गाड़ी को लेकर फरार हो गए। रात करीब ढाई बजे राजेंद्र जाखड़ किसी राहगीर की मदद से नीमकाथाना पहुंचा और वारदात की जानकारी उसने परिजनों व पुलिस को जानकारी दी।

>> बोलेरो लूट का मामला पाटन थाने में दर्ज हुआ है। रात को पुलिस ने नाकाबंदी कर गाड़ी को तलाशने का प्रयास किया। अभी तक गाड़ी एवं लुटेरों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
नारायणलाल टोगस डीएसपी,नीमकाथाना

>> नया बास के बाहर निकलते ही गाड़ी रूकवा ली और वहां खड़े चार लोगों में से एक ने कनपटी पर पिस्तौल तान दी। फिर कई घंटे जीप में डालकर घूमते रहे। मारपीट करने के बाद जंगल में फेंक दिया।
राजेंद्र जाखड़ जीप चालक





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: