HomeSportsCricket Cricket

पाक पर भारी पड़े वीरू-रैना

कराची. वीरेंद्र सहवाग (119) और सुरेश रैना (84) की जोड़ी ने गुरुवार को यहां पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए एशिया कप के मैच में टीम इंडिया को छह विकेट से जीत दिलाई। पाक ने पहले खेलते हुए शोएब मलिक की कप्तानी पारी (125*) की मदद से चार विकेट पर 299 रन बनाए। भारतीय बल्लेबाज ऐसे शानदार फॉर्म में रहे कि उन्हें लक्ष्य का पीछा करते हुए एक बार भी परेशानी नहीं हुई और उन्होंने 42.1 ओवर में जीत हासिल कर ली। शुक्रवार को टूर्नामेंट में कोई मैच नहीं है। शनिवार से सुपर-4 दौर शुरू होगा, जिसमें पहले दिन भारत का सामना बांग्लादेश से होगा।

गौतम गंभीर (9) के तीसरे ओवर में आउट होने के बाद क्रीज पर वीरू व रैना की जोड़ी साथ आई। इन दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पाक को दबाव में ला दिया। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 198 रन की साझेदारी निभाई। सहवाग ने 95 गेंदों की पारी में 12 चौके व पांच छक्के लगाए। रैना ने 69 गेंदों पर 10 चौकों व तीन छक्कों की मदद से 84 रन की पारी खेली।

इससे पहले पाक की ओर से यूनुस खान ने 59 और सलमान बट ने 35 रन की पारी खेली। भारत की ओर से आरपी सिंह, यूसुफ पठान और पीयूष चावला ने एक-एक विकेट झटके।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले को सही साबित करते हुए मलिक और सलमान बट ने पहले विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी की। शुरू में धीमे खेलने वाले मलिक ने बाद आक्रामक रुख अख्तियार किया और तेजी से रन बटोरे। बट के आउट होने के बाद उन्होंने यूनुस के साथ 129 रन की साझेदारी की। मलिक ने 104 गेंदों पर शतक पूरा किया। यह उनके कॅरिअर का छठा शतक था।

जब टीम का स्कोर 219 रन था, तब पैर की मांसपेशियों खिंचाव के कारण मलिक को रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। उन्होंने 125 रन की अपनी पारी में 16 चौके और एक छक्का जड़ा। स्कोर में चार रन और जुड़े थे कि यूनिस खान भी लौट गए। इसके बाद मिस्बाह-उल-हक ने 20 गेंदों पर 30 रन की नाबाद पारी खेली। मुहम्मद यूसुफ (31) और शाहिद आफरीदी (9) ने तेज रन बनाने की कोशिश में अपने विकेट गंवाए।

एशिया कप में 20 साल बाद पाक पर जीत

20 : एशिया कप में इससे पहले भारत ने 1988 में पाक को हराया था।

198 : सहवाग-रैना ने पाक में पाक के विरुद्ध भारत की ओर से किसी भी विकेट के लिए सर्वोच्च साझेदारी की।

119 : पाक के विरुद्ध सहवाग का सर्वाधिक स्कोर। यह उनका पाक धरती पर पहला वनडे शतक है।

84 : पाक के विरुद्ध रैना का श्रेष्ठ स्कोर।

19 मार्च 2007 को सहवाग ने पिछला शतक बरमूडा के खिलाफ लगाया था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

आपके विचार
Sumer Singh
Friday, 27th Jun 2008, 1:20
Sports page sould be in colored.the add of Mca and MBA top university of india sould be included in newspaper.I think this reguest will be fullfilled.