देराजसर.
धर्मिक स्थलों पर बढ़ते आतंकी हमलों के मद्देनजर श्रीपूनरासर हनुमानजी पुजारी ट्रस्ट ने मंदिर में एहतियात के तौर पर कई व्यवस्थाएं की है। इसी क्रम में मंदिर परिसर में सीसी कैमरे लगाए गए हैं।
पुजारी ट्रस्ट के मंत्री महावीर बोथरा ने ‘भास्कर’ को बताया कि मुख्य प्रवेश द्वार, निज मंदिर एवं खेजड़ी बालाजी दरबार में सीसी कैमरे एवं मंदिर सभागार में मूवी कैमरा लगाया गया है। यह सभी कैमरे ट्रस्ट कार्यालय में रखे कम्प्यूटर से जुड़े हुए हैं। कार्यालय में बैठे पुजारी कम्प्यूटर स्क्रीन पर मंदिर के कोने-कोने पर नजर रखे हुए हैं। बोथरा ने बताया कि भविष्य में ट्रस्ट की योजना मुख्य प्रवेशद्वार पर मैटल डिटेक्टर लगाने की है।
दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर मेलों में पुलिस जाप्ता लगाने के अलावा कोई व्यवस्था नहीं की है। पूनरासर धाम में वर्षो से की जा रही पुलिस चौकी खोलने की मांग पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंदिर में बाबा के दर्शनों के लिए आए बीकानेर के श्रद्धालु रामदयाल का कहना था कि यदि संदिग्धों की पहचान के लिए मंदिर में पर्याप्त जाप्ता व आवश्यक डाटा भी उपलब्ध हो सकेगा।