HomeNewsRajasthanKota Kota

शहर हुआ पानी-पानी

कोटा. rain एक घंटे जमकर बरसे बादलों ने सफाई व्यवस्था के दावों पर पानी फेर दिया। नाले-नालियां जाम होने के कारण कई स्थानों पर पानी भरने से शहर थम सा गया। हालांकि कुछ ही देर में अधिकांश स्थानों पर पानी उतर भी गया, लेकिन बाद में सड़कों पर मलबा पसर गया।

मोहन टॉकीज रोड और सब्जीमंडी क्षेत्र के सबसे बुरे हाल रहे। दोपहर में करीब डेढ़ बजे बारिश शुरू होने के बाद सब्जीमंडी, मछली मार्केट, तलवंडी, एरोड्रम सर्किल, कोटड़ी-गुमानपुरा रोड समेत कई स्थानों पर पानी भर गया। श्रीपुरा क्षेत्र में डेढ़ से दो फुट पानी सड़कों पर था। यहां सुभाष मार्केट में भी पानी के कारण दुकानदारों को असुविधा का सामना करना पड़ा। बाद में बाल्टियों की सहायता से पानी को निकाला गया। कोटड़ी गुमानपुरा रोड पर भी नाला जाम होने के कारण सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया।

वाहन चलाएं संभलकर
मोहन टॉकीज रोड व सब्जीमंडी में पानी भरने व नालों का मलबा सड़क पर आने की वजह से यहां वाहन चालकों के सामने खतरा बढ़ गया है। निगम द्वारा तोड़ी गई दुकान का मलबा और नाले से निकाला गया कचरा सड़क पर ही पड़ा रहने के कारण स्थिति बहुत खराब हो गई। उधर, मोहन टॉकीज रोड पर नाले के ढकान टूट जाने की वजह से आधी सड़क से यातायाता ठप है।

सफाई में देरी, मानसून जल्दी
नगर निगम के सीईओ एलएन मीणा ने कहा है कि जगह-जगह पर पानी भरने का एक कारण नालों की सफाई देर से शुरू होना रहा है। दूसरा यह कि मानसून जल्दी आ गया। निगम ने नालों की सफाई के टैंडर आमंत्रित करने में इस बार देर कर दी। इस कारण नालों की सफाई देर से शुरू हो पाई। पिछले साल सफाई नहीं होने की वजह से नाले भरे हुए हैं। आयुक्त सतीश बारूपाल का कहना है कि नालों की सफाई सही तरीके से कराई जा रही है। इस कारण पानी किसी भी क्षेत्र में अधिक देर नहीं ठहरेगा।

ये है आपात व्यवस्था
निगम ने अग्निशमन कार्यालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की है। स्वास्थ्य अधिकारी ओपी मिश्रा ने बताया कि यह कक्ष 24 घंटे कार्य कर रहा है। इसमें तीन शिफ्ट में 20-20 श्रमिकों को लगाया गया है। किसी भी क्षेत्र में पानी भरने की सूचना पर यह दस्ता सक्रिय होकर मौके पर पहुंचेगा। इसके लिए जेसीबी, डम्पर व अन्य उपकरण रिजर्व रखे गए हैं। किसी भी क्षेत्र में पानी भरने की सूचना फोन नंबर 101 पर दी सकती है।

फिर भर गया पानी सड़कों पर
raपिछली बरसात के बावजूद नगर निगम ने सड़कों से पानी की निकासी करने के लिए नालों को साफ नहीं किया। इसका नतीजा गुरुवार को फिर सामने आया। शहर की सड़कों पर पानी भर गया। इसे देखकर कलेक्टर अभय कुमार ने निगम सीईओ को सफाई करवाने के आदेश दिए।

पिछले दिनों बरसात में एअरोड्राम सर्किल, तलवंडी रोड व चौराहा, जवाहरनगर, विज्ञाननगर, गीताभवन रोड, सब्जीमंडी, गंधीजी की पुल सहित अन्य इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। सब्जीमंडी में तो निगम ने नालें को खुलवाकर साफ करा दिया लेकिन, गीताभवन रोड, तलवंडी तथा एरोड्रम सर्किल पर पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की। इसके कारण गुरुवार को इन इलाकों की सड़कों पर एक-एक फीट तक पानी हो गया।

कलेक्टर ने देखे हालात
जिला कलेक्टर अभय कुमार गुरुवार को एडीबी परियोजना के तहत बन रही सड़कों का अवलोकन करने निकले। उनके साथ न्यास उपसचिव बी.एल.यादव, एसई विमल कुमार गोलछा सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी साथ थे। उन्होंने एयरपोर्ट व तलवंडी में सड़कों पर पानी भरा देखा तो अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निगम सीईओ को इस बारे में कहें। उन्होंने एडीबी के चल रहे विकास कार्र्यो की गति बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

उम्मीद है सुधार होगा
जिला कलेक्टर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। इसके लिए उन्होंने निगम सीईओ को अपने कार्यालय में बुलाकर निर्देश दिए हैं। नालों की सफाई चल रही है, इससे बरसाती पानी की निकासी में सहायता मिलेगी।

सफाई के प्रयास जारी
नगर निगम के सीईओ एल.एन.मीणा ने बताया कि कलेक्टर की ओर से तीन बार उन्हें शहर की सफाई व्यवस्था को तेज करने के बारे में कहा गया है। इसकी पालना की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस बार मानसून समय से पहले आने के कारण व्यवस्था बिगड़ गई। यदि मानसून 15 दिन बाद आता तो यह स्थिति नहीं रहती। वैसे रोजाना नालों की सफाई हो रही है। इसकी रिपोर्ट भी कलेक्टर को भिजवाई जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: