News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. श्वेता का आरोप है कि उनके आईएएस पति अनुराग वर्मा ने उसे बुधवार दोपहर घर में बंद करके पीटा। मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन लिखित शिकायत के बावजूद आईएएस के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने श्वेता का मेडिकल करवाया और मामले की रपट तैयार कर वुमन एंड चाइल्ड सपोर्ट यूनिट को भेज दी। पुलिस इस रपट को कोर्ट में भी भेजेगी।
पुलिस से हताश आईएएस अनुराग वर्मा की बीवी श्वेता ने भास्कर को अपनी परेशानी बताई। श्वेता का कहना है कि अगर मारपीट के मामले में पुलिस ने कल कार्रवाई नहीं की तो वह शुक्रवार को ह्ययूमन राइट्स काउंसिल में अपील करेगी। उधर, अनुराग वर्मा ने जिला अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है।
‘किसी आम आदमी ने अपनी बीवी को इस कदर पीटा होता तो शिकायत मिलते ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेती। लेकिन मेरे पति के खिलाफ अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि मुझे ही मायके भेज दिया है, क्योंकि मेरा पति आईएएस है।
वीरवार को डीआईजी गोगिया से मिली, उन्होंने कहा एएसआई को आपके घर भेजता हूं, लेकिन उनकी बात भी खरी न उतरी और कोई पुलिस वाला नहीं पहुंचा’। पुलिस ने यह कहकर मायके भेज दिया कि ससुराल में दोबारा विवाद न हो।
>> मैंने पूरी घटना की रपट तैयार कर वुमन सेल को रेफर कर दिया है। अब वहीं पर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर कुलवंत पन्नू, एसएचओ-17
मैं आईएएस हूं, यही मेरा अपराध है: अनुराग वर्मा
जब भास्कर ने इस सारे मसले पर आईएएस अनुराग वर्मा से बात की तो उनका कहना था,‘मै आईएएस हूं, यही अपराध है। मेरे इसी ओहदे का फायदा उठाकर आज तक श्वेता मुझे दबाती रही। कल सारा कुछ प्री प्लांड था। न मैंने उसे मारा, न गाली दी। श्वेता कल घर पहुंची, जबकि वह एक साल से अलग रह रही थी। खुद मीडिया को बुलाया और ड्रामा रच दिया। मैं पढ़ा-लिखा हूं, ऐसी हरकत करने की मैं कभी सोच ही नहीं सकता।’