Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
दीपा मेहता की अगली फिल्म ‘हैवन ऑन अर्थ’ में किंग कोबरा हीरो की भूमिका में नजर आएगा। सुनने पढ़ने में यह बात भले ही अजीब लगे लेकिन यह किंग कोबरा फिल्म में हीरोइन प्रिटी जिंटा को उसके अत्याचारी पति और सास-ससुर से बचाता है।
इस फिल्म की कहानी एक पंजाबी युवती चांद के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कैनेडा में रहने वाले एक एनआरआई से शादी करती है। शादी के बाद उस पर अत्याचारों का ऐसा सिलसिला शुरू होता है जो खत्म होने का नाम नहीं लेता। चांद का किरदार प्रिटी निभा रही हैं।
सूत्रों ने बताया कि फिल्म के क्लाइमैक्स में दिखाया गया है कि किस तरह प्रिटी अपने सास-ससुर और पति के अत्याचारों का सामना करती है और इसमें उसके घर के पिछवाड़े में किंग कोबरा उसकी मदद करता है।
प्रिटी ने जब दीपा की इस फिल्म को साइन किया था, तो वह बहुत खुश थीं, लेकिन फिल्म की शूटिंग शुरू होने पर प्रिटी के लिए चांद का किरदार निभाना मुश्किल होता जा रहा है। चूंकि उन्होंने अपनी ज्यादातर फिल्मों में चुलबुली लड़की के किरदार निभाए हैं, उनके लिए चांद का किरदार टेढ़ी खीर बनता जा रहा है।
सुनने में तो यह भी आया है कि इस फिल्म की शूटिंग से वह इतना तंग आ चुकी हैं कि कुछ दिन पहले चांद का किरदार आसानी से निभाने के लिए उन्होंने एक थेरेपिस्ट की सलाह भी थी। वैसे दीपा का कहना है कि चांद का किरदार प्रिटी को बॉलीवुड में एक नई पहचान देगा लेकिन प्रिटी की हालत देखकर ऐसा हो पाना संभव नहीं लगता।
नहीं मानी ज्योतिषी की सलाह
प्रिटी जिंटा का कहना है कि उन्होंने अपने एक ज्योतिषी मित्र की चेतावनी के बावजूद इंडियन प्रीमियर लीग में निवेश किया था। उन्होंने कहा, ‘मैंने अपने एक मित्र के मना करने के बावजूद आईपीएल में निवेश किया था। दरअसल, मेरा मानना है कि भविष्य इसी में है।’ प्रिटी कहती हैं कि देश में आने वाले 10 साल में बड़े बदलाव होंगे और आने वाले समय में कोई भारतीय भी इंग्लैंड की मैनचेस्टर यूनाइटेड टीम को खरीदने के बारे में सोच पाएगा।