|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. भाई के एक्सीडेंट का बहाना बनाकर दो युवक दिनदहाड़े किशोरी का अपहरण कर ले गए। पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर किशोरी के भाई ने कलेक्टर सुबोध सिंह से मामले की शिकायत की है।
बिल्हा के बिटकुली निवासी मिलाप बंजारे पत्नी के साथ कमाने-खाने गया है। उसकी 16 वर्षीय बेटी सरिता और अपाहिज बेटा संतोष दादी के साथ बिटकुली में रहते थे। मंगलवार को सरिता फोटो लेने बिल्हा आ रही थी। सुबह करीब 11.30 बजे गांव के दो युवक उसके पास आए। उन्होंने सरिता को रोककर कहा कि उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है। वह युवकों के झांसे में आ गई और उनके साथ बाइक में बैठ गई।
शाम तक जब सरिता नहीं लौटी तो उसके भाई संतोष को चिंता हुई और उसने तलाश शुरू की। गांव के कुछ लोगों ने उसे घटना के संबंध में बताया। इसकी शिकायत उसने बिल्हा थाने में की। संतोष का आरोप है कि बिल्हा पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है, न ही एफआईआर दर्ज किया है। उसने एसपी प्रदीप गुप्ता से भी मामले की शिकायत की थी, लेकिन अब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई। उसकी बहन का भी पता नहीं चल सका है। आज संतोष ने कलेक्टर श्री सिंह को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। बिल्हा पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पकड़े लुटेरे, मिला इनाम
बिलासपुर. बाइक सवार दंपति पर प्राणघातक हमला कर लूट का प्रयास करने वाले आरोपियों को पकड़ने पर एसपी प्रदीप गुप्ता ने तोरवा थाना प्रभारी एसबीएस राणा व आरक्षक साहेब अली व चिरंजीव राठौर को पुरस्कृत किया है।
21 जून की रात बंगलायार्ड निवासी देवेंद्र कुमार मौर्य पत्नी देवकी के साथ बाइक से मोपका से लौट रहे थे। मोपका रोड स्थित राहुल ढाबा के पास पांच युवकों ने उन पर क्रिकेट स्टंप से हमला किया। मामले की सूचना मिलते ही श्री राणा आरक्षक साहेब व चिरंजीव के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने चार आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। उनकी इस सफलता पर एसपी श्री गुप्ता ने थाना प्रभारी श्री राणा को 600 रुपए व आरक्षक चिरंजीव व साहेब अली को 400-400 रुपए इनाम की घोषणा की है।
करंट से झुलसे विक्षिप्त की मौत
बिलासपुर. ट्रांसफार्मर पर चढ़ा एक विक्षिप्त गुरुवार को गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे सिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सिम्स चौकी पुलिस के मुताबिक जवाहरपारा, चांपा निवासी 35 वर्षीय शंभूदास की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। कल दोपहर वह ट्रांसफार्मर पर चढ़ रहा था। इसी दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे सिम्स लाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
युवक से 174 पाव शराब जब्त
बिलासपुर. बाइक में शराब लेकर जा रहे युवक को पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर 174 पाव शराब समेत गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पेंड्रा पुलिस को सूचना मिली कि कोटमी के सपोला निवासी 28 वर्षीय कैलाश कुमार उर्फ खिलावन गुप्ता अवैध शराब लेकर जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
जांच में उसके पास से 174 पाव देसी व अंग्रेजी शराब जब्त किया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ 34 आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।