HomeSportsOther Sports Other Sports

डबल्स में पेस-सानिया जीते

लंदन. विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के युगल वर्ग में भारत के टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और सानिया मिर्जा ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया, लेकिन पहले ही दौर में हार के साथ महेश भूपति की चुनौती खत्म हो गई। पेस और चेक गणराज्य के लुकास द्लोही की जोड़ी ने वीरवार रात खेले गए मुकाबले में अमेरिका के एरिक बुतोराक और ऑस्ट्रेलिया के एश्ली फिशर की जोड़ी को ६-३, ७-६, ६-३ से हराकर टूर्नामेंट के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

टूर्नामेंट में नौवीं वरीयता प्राप्त पेस-द्लोही को तीसरे दौर में अमेरिका के ट्रैविस पैरोट और स्लोवाकिया के फिलिप पोलासेक की जोड़ी तथा दक्षिण अफ्रीका के रिक दे वोस्ट एवं पोलैंड के लुकास कुबोत की जोड़ी के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ना होगा। इस बीच, एकल वर्ग में खराब प्रदर्शन की वजह से अपनी चुनौती गंवां बैठी सानिया मिर्जा और उनकी जोड़ीदार अमेरिका की बेथानी मैटेक ने वीरवार को पहले राउण्ड में एलेना बताचा और नेओमी केवेडी की जोड़ी को आसानी से ६-४, ६-२ से हरा दिया।

हालांकि भूपति ने प्रशंसकों को निराश किया। बहामा के मार्क नोल्स के साथ उनकी जोड़ी को अपने पहले मैच में जर्मनी के फिलिप पेत्शनर और आस्ट्रिया के एलेक्जेंडर पेया की जोड़ी के हाथों ५-७, २-६, ६-७ से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

एंडी रोडिक हारे : एंडी रोडिक विंबलडन ओपन टेनिस चैंपियनशिप के दूसरे दौर में गैरवरीयता प्राप्त सर्बियाई खिलाड़ी जांको टिप्सरेविक के हाथों उलटफेर का शिकार बनकर स्पार्धा से बाहर हो गए। टिप्सरेविक ने रोडिक को 6-7, 7-5, 6-4, 7-6 से हराया। दूसरे दौर के अन्य मैचों में नौवीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी जेम्स ब्लैक, 19वीं वरीयता प्राप्त स्पेनिश खिलाड़ी निकोलस अलमाग्रो और 24वीं वरीयता प्राप्त फिनलैंड के जाकरे निमेनिन भी उलटफेर का शिकार हो गए।

ब्लैक को जर्मनी के रैने शटलर ने 6-3, 6-7, 4-6, 6-4, 6-4 से, निमेनिन को क्रोएशिया के मारिन सिलिक ने 6-4, 3-6, 6-3, 6-7, 7-5 और अलमाग्रो को गुलेरमो गार्सिया लोपेज ने 6-3, 3-6, 5-7, 6-1, 6-2 से शिकस्त दी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: