लुधियाना/जगराओ. पंजाब में धमाकों की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए लुधियाना पुलिस ने खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के तीन आतंकियों को गिरफ्तार कर उनसे साढ़े 34 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की है। राज्य के रक्षा संस्थान, रेलवे ट्रैक और तेल के भंडार आतंकियों के निशाने पर थे। उनकी प्लानिंग भीड़भाड़ वाले इलाकों में धमाके करने की भी थी।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ हफ्ते पहले ही लुधियाना पुलिस ने दो आतंकियों को गिरफ्तार कर उनसे बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया था। शुक्रवार को जगराओ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आईजी संजीव कालड़ा ने बताया कि पुलिस ने डांगिया लिंक रोड पर नाका लगाकर जीप में सवार अमरीक सिंह, दलजीत सिंह और सर्बजीत सिंह को रोका।
तलाशी में उनसे काले रंग की एक अटैची मिली, जिसमें जिलेटिन छडे़ भरी हुई थीं। इन छड़ों पर सुपरपावर-90 एक्सप्लोसिव लिमिटेड, गांव चक दो, बाजार गाओ, नागपुर का मार्का लगा है।