बीकानेर. मुख्यमंत्री के बीकानेर आने की तारीख नजदीक आने के साथ यहां के विकास कार्यो की गति बढ़ाने की चिंता भी सरकार को लगने लगी है। शुक्रवार को बीकानेर पहुंचे नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव परविंदरसिंह और स्वायत्तशासन विभाग के शासन सचिव मनजीतसिंह ने बीकानेर का दौरा किया। शहर में चल रहे काम का अवलोकन किया।
अधिकारियों को गति बढ़ाने के निर्देश दिए। नगर परिषद, नगर विकास न्यास, सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत निगम, आरयूआईडीपी के अधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यस्थलों पर पहुंचे आला अधिकारियों ने कामकाज की समीक्षा की और काम कर रहे ठेकेदारों को निर्देश भी दिए। सूरसागर पर चल रहे काम के लिए साफ तौर पर 15 अगस्त से पहले डेडलाइन देते हुए कहा कि इस काम को हर हाल में पूरा करना है।
इसके बाद अधिकारियों की बैठक सीएडी सभागार में बुलाई गई। जहां प्रमुख शासन सचिव और शासन सचिव ने अधिकारियों को वार्निग देते हुए कहा कि जो भी परेशानी हो, सीधी बात करे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी कहा कि काम की गति को बनाए रखने की जिम्मेवारी आपकी है। नगर परिषद सभापति मकसूद अहमद, नगर विकास न्यास अध्यक्ष श्रीगोपाल अग्रवाल सहित नगर परिषद आयुक्त मौलाबख्श, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता महासिंह बेनीवाल, विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता एम.एस.चौहान आदि से उन्होंने कहा कि अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यो की सूची बना लें और उन्हें पूरा करने के लिए समयसीमा निर्धारित कर लें।
अधिकारियों ने कहा कि सात जुलाई तक बीकानेर शहर में यह तय हो जाना चाहिए कि कौनसा काम 15 अगस्त से पहले हो जाएगा और कौन-सा कार्य पूरा नहीं करवाया जा सकेगा। इस मौके पर उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के विकास कार्यो से संबंधित प्रस्ताव तैयार करके जयपुर जाने से पहले उपलब्ध करावें, जिससे यह पता चल सके कि कहां दिक्कत आ रही है।
अधिकारी चाहिए, संसाधन चाहिए, पैसा चाहिए तो भी बतावें और यह भी बतावें कि कब तक कितना काम पूरा कर लेंगे। अधिकारियों के निर्देशों की पालना में सभी अधिकारी अपने मातहतों के साथ प्रस्ताव तैयार करने में लगे रहे।