बीकानेर. बीकानेर रेंज के जिलों में तीन नए पुलिस थाने व सात चौकियां खोली जाएंगी। हनुमानगढ़ में पुलिस उप अधीक्षक का नया सर्किल भी बनेगा।
बीकानेर जिले में बीछवाल, श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में सदर और हनुमानगढ़ में सदर पुलिस थाने खोले जाएंगे। इसके अलावा बीकानेर में व्यास कॉलोनी थाने के पवनपुरी क्षेत्र में पुलिस चौकी, श्रीगंगानगर के लालगढ़ थाना क्षेत्र में गणोशगढ़ व राजियासर थाना क्षेत्र में थर्मल पॉवर स्टेशन, चूरू के राजगढ़ थाने में गोठिया व हनुमानगढ़ जिले के टाउन थाने में शेरगढ़, टिब्बी थाने में मसीदावाली व रावतसर थाना क्षेत्र में थालड़का पुलिस चौकियां खोली जाएंगी।
पुलिस थानों में एक एसआई, दो एएसआई, दो हैड कांस्टेबल व 12 कांस्टेबल तथा चौकियों में एक एसआई व छह कांस्टेबल का स्टाफ होगा। हनुमानगढ़ जिले में रावतसर नया सर्किल होगा जिसमें पल्लू, रावतसर व पीलीबंगा पुलिस थाने शामिल किए गए हैं। बीकानेर रेंज के आईजी राजीव शर्मा ने बताया कि थाने, चौकी व सर्किल स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षकों से कहा गया है कि वे 30 जून तक स्वीकृत पुलिस चौकियां शुरू कर दें। पुलिस थानों में कौन-कौन से क्षेत्र शामिल होंगे, इस पर विचार किया जा रहा है।
शीघ्र होगी बीकानेर में एएसपी (ग्रामीण) की पोस्टिंग
राज्य सरकार की बजट में की गई घोषणा के अनुसार बीकानेर जिले में एएसपी (ग्रामीण) की पोस्टिंग शीघ्र ही कर दी जाएगी। आईजी राजीव शर्मा ने बताया कि आरपीएस की तबादला सूची प्रस्तावित है और संभवत: सूची जारी होने पर बीकानेर में एएसपी (ग्रामीण) लगा दिया जाएगा।