बीकानेर.
अजमेर में भरे जाने वाले उर्स मुबारक में बीकानेर सहित निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से जाने वाले जायरिनों को रास्ते में किसी प्रकार की तकलीफ न हो इसके लिए विभिन्न संगठन सेवाएं देंगे। गरीब नवाज खिदमत कमेटी ने शुक्रवार से नोखा में जायरिनों के लिए खाने, ठहरने एवं चिकित्सा सेवा की व्यवस्था की है।
यह सेवा अंतिम जत्थे के जाने तक जारी रहेगी। कमेटी के सदर हैदर अली थैईम ने बताया कि कमेटी रामदेवरा, पुनरासर, गजनेर एवं गेमनापीर मेलों में भी पिछले दस साल से लगातार सेवारत्त है।
ख्वाजा गरीब नवाज के लिए पैदल जाने वाले जायरिनों की सेवा के लिए रविवार को सुभाषपुरा स्थित पब्लिक क्लीनिक से फ्री मेडिकल कैम्प रवाना होगा। भाजपा अल्प संख्य मोर्चा के जूनागढ़ मंडल अध्यक्ष डा. शब्बीर पंवार ने बताया कि कैम्प को मुमताज अली भाटी व श्यामसिंह हाडलां हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे।
सुल्ताने हिन्द ख्वाजा कमेटी के 150 जायरीन पीर मोइनुदीन कुरैशी की सदारत में अजमेर रवाना हुए। जायरिनों को हैदरअली थैईम ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नईमुदीन कुरैशी, शाह खालिद, कुरैशी, साजिद अली आदि उपस्थित थे। जायरिनों के लिए गरीब नवाज खिदमत कमेटी की ओर नोखा में निशुल्क भोजन व मेडिकल की सुविधा दी जाएगी। कमेटी के अध्यक्ष हैदर अली ने बताया कि शिविर में लियाकत अली, गुड्डू भाई, मो. अली आदि सेवाएं देंगे।
आज रवाना होंगे
ख्वाजा गरीब नवाज एकता कमेटी के सान्निध्य में बड़ी संख्या में जायरिनों का जत्था शनिवार शाम पांच बजे रवाना होगा। जायरिनों के लिए रास्ते में स्कूलों में ठहरने की व्यवस्था की अनुमति कमेटी ने शिक्षा निदेशक से ले ली है। कमेटी के सदर यूसुफ मेमन ने बताया कि कार्यकर्ता दस दिन तक जायरिनों की सुविधा के लिए जगह-जगह सेवाएं देंगे।