HomeNewsRajasthanKota Kota

अब नहीं कटेगा टेलीफोन कनेक्शन

कोटा. बीएसएनएल के बेसिक एवं डब्ल्यूएलएल टेलीफोन उपभोक्ता अब डाकघरों में हाथों-हाथ बिल की डुप्लीकेट कॉपी लेकर बिल राशि जमा करा सकते हैं। इस प्रक्रिया से ऐसे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, जिनका समय पर बिल नहीं आने पर टेलीफोन कनेक्शन काट दिया जाता था। बाद में उन्हें पेनल्टी देकर कनेक्शन चालू कराना पड़ता था।

उपभोक्ता को अगर माह की 20 तारीख तक टेलीफोन बिल नहीं मिलें तो वह संबंधित डाकघर में जाकर टेलीफोन नंबर बताकर बिल जमा करा सकते हैं। अब उपभोक्ताओं को कतार में लगने से मुक्ति मिल जाएगी। अभी यह सुविधा डिवीजन के 13 डाकघरों में शुरू की गई है।

अब तक ये था सिस्टम
बीएसएनएल उपभोक्ताओं के बिलों को माह की 5 तारीख तक प्रिंट करता है। विभाग के कर्मचारी इन बिलों को 10 से 15 तारीख तक डाकघर में पहुंचाते हैं। 40 हजार बिलों को छांटने में डाकघर कर्मचारियों को 5 दिन तथा वितरण में भी 5 से 8 दिन लग जाते हैं। इस तरह बिल जमा कराने की अंतिम तिथि निकल जाती है और कई उपभोक्ताओं के बिल नहीं पहुंच पाते, जिससे उनका कनेक्शन काट दिया जाता है।

ऐसे होगा ऑनलाइन कामकाज
ई-पेमेन्ट सॉफ्टवेयर सेवा के तहत बीएसएनएल सभी टेलीफोन तथा डब्ल्यूएलएल उपभोक्ताओं का बिलिंग डाटा बनाकर सीडी के माध्यम से माह की 7 तारीख तक डाकघर मुख्यालय पर पहुंचा रहा है। वहां से इंटरनेट के माध्यम से यह योजना सभी ऑनलाइन डाकघरों में उपलब्ध हो रही है। उपभोक्ता को बिल नहीं मिलने पर वह डाकघर जाकर केवल टेलीफोन नम्बर बताकर बिल की प्रति ले सकता है। नम्बर बताने के बाद कम्प्यूटर पर पूरा ब्यौेरा आ जाएगा। अगर उपभोक्ता चाहे तो हाथों- हाथ बिल जमा कराकर रसीद ले सकता है।

इन डाकघरों में है सुविधा
नयापुरा मुख्य डाकघर, कोटा जंक्शन, दादाबाड़ी, रामपुरा, नई धानमंडी, आई कॉलोनी, डीसीएम, इंन्डस्ट्रीयल इस्टेट, रामगंजमंडी, बारां मुख्य डाकघर, अंता, छबड़ा, छीपाबड़ौद आदि में सुविधा शुरू हुई।

लोगों की समस्या दूर करने के लिए विभाग ने यह योजना चलाई है। अभी यह सुविधा केवल 13 डाकघरों में ही है। दिसम्बर तक डिवीजन के अधिकांश डाकघर में इसे शुरू कर दिया जाएगा।
—आर.पी. बैरवा, उप महाप्रबन्धक (वित्तीय एवं लेखा) बीएसएनएल





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: