Sports
Other Sports Other Sports विएना.
यूरो कप के दूसरे सेमीफाइनल में रूस को 3-0 से शिकस्त देकर 24 वर्ष बाद फाइनल में प्रवेश किया। जावी, डेनियल गुईजा और डेविड सिल्वा ने किए गोल, जर्मनी से खिताबी मुकाबला रविवार को, प्रसारण ईएसपीएन पर रात्रि 12.15 बजे से।
खिताब के प्रबल दावेदार स्पेन ने दूसरे हाफ में जावी, डेनियल गुईजा और डेविड सिल्वा के 1-1 गोल की मदद से रूस को यूरो कप फुटबॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मैच में 3-0 से शिकस्त देकर 24 वर्ष बाद स्पर्धा के खिताबी दौर में प्रवेश किया।
रविवार को खेले जाने वाले फाइनल में स्पेन का सामना तीन बार के यूरो कप विजेता जर्मनी से होगा जो तुर्की को शिकस्त देकर यहां पहुंचा है। स्पेन को 1984 में यूरो कप के फाइनल में रूस के हाथों शिकस्त मिली थी उसके बाद स्पेन इस बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा है।
मैच का पहला हाफ गोल रहित रहा। स्पेनिश खिलाड़ियों की रूसी टीम को थका देने की रणनीति कामयाब रही। रूस को पहले हाफ में गोल करने के दो मौके मिले और उसने दोनों ही मौके गंवा दिए। मैच के 16वें मिनट में रोमन पावेलुशेंको को फ्री किक के जरिये गोल करने का बेहतरीन मौका मिला जिसे उन्होंने गंवा दिया।
इसके बाद 31वें मिनट में एक बार फिर रूसी खिलाड़ियों को गोल करने का मौका मिला लेकिन वे उसे भुन नहीं पाए। लीग मैच में रूस को 4-1 से शिकस्त देने वाली स्पेनिश टीम ने पहले हाफ में रूसी दमखम की परीक्षा ली और उन्हें जमकर थकाया।
दूसरे हाफ में हलकी बारिश के बीच स्पेन के खिलाड़ियों ने अपने सटीक और शक्तिशाली पासों से रूसी डिफेंस को ध्वस्त कर दिया। स्पेन के लगातार दबाव के कारण बिखरी रक्षापंक्ति की खामी का फायदा उठाते हुए आंद्रेस इनिस्ता ने जावी को 50वें मिनट में लंबा क्रास दिया जिसे बिना रोके उन्होंने गोल की दिशा में मोड़ दिया। रूसी गोलकीपर इगोर अकिंफेयेव गेंद को गोल में समाने से नहीं रोक पाए।
1-0 की बढ़त के बाद स्पेनिश खेल में और तेजी आ गई। इसके बाद 73वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी डेनियल गुईजा ने साथी खिलाड़ी से मिले पास पर गेंद को गोल में पहुंचा दिया। इसके पांच मिनट बाद ही फेब्रेगास ने एक और शानदार मूव बनाते हुए डेविड सिल्वा को पास दिया जिन्होंने गेंद को गोल में पहुंचाने में कोई गलती नहीं की। स्पेन के स्टार स्ट्राइकर डेविड विला का मैच के दौरान चोट ग्रस्त होने के कारण जर्मनी के खिलाफ फाइनल मैच में खेलना संदिग्ध है।