HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

पिस्तौल दिखाकर कार व नकदी लूटी

सादुलपुर. राजगढ़ से हिसार के लिए गुरुवार शाम को किराए कर ले जाई गई एक स्पेशियो कार को छह अज्ञात बदमाश पिस्तौल की नोक पर चालक व खलासी को बांधकर लूट कर ले गए। लुटेरे 12 हजार 100 रुपए नकदी व तीन मोबाइल भी छीन कर ले गए। बंधन से मुक्त होकर घायल स्पेशियो चालक व खलासी ने सिवानी (हरियाणा) पुलिसथाना में वारदात की इत्तला दी।

घटना राजगढ़-हिसार सड़क मार्ग पर पुलिसथाना सिवानी (हरियाणा) के गांव गेंडावास के पास हुई। सिवानी पुलिसथाना में दर्ज मुकदमे के अनुसार गणोश पुत्र गोवर्धन दास निवासी थानमठुई राजगढ़ गुरुवार शाम को अपनी टाटा स्पेशियो को राजगढ़ के टेक्सी स्टैंड पर खड़ी कर रखी थी। इसी दौरान शाम साढ़े छह बजे करीब 6 अज्ञात युवक उसके पास आए और कहा कि उनकी इंडिका कार खराब हो चुकी है। उन्हें अजमेर जाना था।

उक्त युवकों ने गणोश से उनकी कार को टोचन कर चूरू या हिसार ओटो मार्केट छुड़ाने के लिए कहा, जिस पर 1200 रुपए हिसार के लिए किराया तय कर गणोश व खलासी पवन इंडिका को टोचन कर हिसार के लिए रवाना हो गए।

चार युवक उनकी स्पेशियो में तथा दो जने इंडिका में सवार हो गए। पुलिस ने बताया कि सिवानी से पांच किलोमीटर पूर्व युवक जबरदस्ती स्पेशियो को गेंडावास गांव की ओर खेतों में ले गए, जहां पर गणोश व पवन को कार से नीचे उतार कर दोनों की जबरदस्त पिटाई की।

तीन जनों ने पिस्तौल की नाल से उनके सिर पर चोटें पहुंचाई तथा कपड़ों से ही उनके हाथ व मुंह बांध दिए और टोचन की हुई कार को वहीं पर छोड़ कर टाटा स्पेशियो लेकर फरार हो गए। पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी भी की परंतु कोई सफलता नहीं मिली।

सभी लुटेरे 20 से 27 वर्ष के
स्पेशियो कार को राजगढ़ से हिसार के लिए किराए का झांसा देकर लूट कर ले गए सभी छह लुटेरे 20 से 27 वर्ष की उम्र के बीच थे। स्पेशियो चालक पवन ने बताया कि सभी लुटेरों ने पैंट शर्ट पहन रखी थी तथा क्लीन सेव थे।

>> स्पेशियो कार लुटेरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस जुटी हुई है। गेंडावास के पास लुटेरों द्वारा छोड़ी गई इंडिका कार के बारे में भी पता लग चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संजयकुमार, पुलिस अधीक्षक, भिवानी





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: