HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

बेहोशी की हालत में मिली थी महिला

सादुलपुर. कस्बे के पिलानी मोड़ पर गुरुवार दोपहर बेहोश मिली महिला को 24 घंटे बाद होश आया है। होश में आने के बाद महिला ने अपनी आपबीती सुनाई तो रिश्तों की चादर तार-तार हो गई। महिला ने बताया कि उस पर उसके अपनों ने ही सितम ढाए हैं। पुलिस कस्टडी में अभी भी महिला का इलाज जारी है। इधर पुलिस ने महिला की ओर से बताए गए पते के अनुसार उसके पिता को इत्तला कर दी है।

पूर्ण रूप से होश आने के बाद मुन्नी पत्नी लक्ष्मण हाल निवासी भोपूवाड़ा लामड़ी अजमेर काफी डरी हुई है। वह बार-बार अपने पिता को सूचना देकर बुलाने या फिर उसे अजमेर भेजने के लिए पुलिस अधिकारियों से गुहार कर रही है। मुन्नी अपने साथ हुई घटना को लेकर भयभीत है तथा उसे अभी भी डर है कि उसके जेठ-जेठानी व अन्य लोग कहीं फिर उसे बेचने के लिए पंजाब न ले जाएं।

मुन्नी ने बताया कि उसका ससुराल गांव थावला पुलिस थाना कोढ़ जिला नागौर में है। ससुराल में जेठ व जेठानी उसके साथ मारपीट करते थे। इस पर वह छह माह पूर्व अजमेर में अपने पिता के पास आ गई। उसके एक आठ वर्षीय लड़की भी है। अजमेर में वह अपने पिता के साथ भोपूवाड़ा लामड़ी क्षेत्र में रह रही थी।

मुन्नी ने बताया कि पिता के पास रहने के दौरान वह शास्त्री नगर एक मास्टर के यहां नौकरी करने लगी। बुधवार शाम काम पर जाते समय उसके जेठ घीया व अजरुन तथा उसका पुत्र शीशपाल, जेठानी बदामी व मास्टर अनवर ने उसे जबरदस्ती टेंपो में डाल लिया और कुछ नशीली दवा सुंघा दी, जिससे वह बेहोश हो गई। उसके बाद आरोपी उसे जीप में डालकर ले आए।

मुन्नी ने बताया कि आरोपी उसे बेचने के लिए पंजाब ले जा रहे थे। राजगढ़ स्टेशन के पास चाय-पानी पीने के लिए जब जीप रोकी गई, तो वह अर्धबेहोशी की हालत में आरोपियों की नजरें बचाकर जीप से नीचे उतर कर छिप गई।

एक घंटे तक वह गलियों में अपने आप को छिपाने का प्रयास करती रही और बाद में चाय की दुकान पर लगी बैंच पर लेट गई। उसके बाद उसे अस्पताल में किसने पहुंचाया यह वह नहीं जानती। मुन्नी ने बताया कि उसने टेंपो में बैठने के लिए मना किया तो आरोपियों ने जबरदस्ती की तथा उसकी ओढ़नी फाड़ डाली व चूड़ियां तोड़ दी।

>> महिला को नशीला पदार्थ पिलाया गया है। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। महिला का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
डा. जय लखटकिया, रेफरल अस्पताल

>> महिला का कहना है कि जेठ-जेठानी व उनका लड़का उसे नशीला पदार्थ खिलाकर जबर्दस्ती ले आए। उसने ससुराल पक्ष के खिलाफ अजमेर में दहेज प्रताड़ना का मुकदमा भी दर्ज करवा रखा है। महिला का अभी रेफरल अस्पताल में पुलिस कस्टडी में उसका इलाज चल रहा है।
राजेंद्र सिंह बेनिवाल, सीआई, राजगढ़





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: