जोधपुर. हवाई पट्टी के विस्तार व विकास के लिए सत्रह दिनों तक बंद रहने के बाद जोधपुर का सिविल एयरोड्राम रविवार को फिर से खुल जाएगा। फिलहाल पूर्व निर्धारित शिड्यूल के अनुसार सप्ताह में तीन दिन दोपहर दो से शाम 6 बजे के बीच फ्लाइट्स ऑपरेट होंगी।
एयरपोर्ट अथोरिटी ऑफ इंडिया के एयरपोर्ट कंट्रोलर मनोज पंत ने बताया कि वायुसेना के अधिकारियों ने पूर्व में आदेश जारी कर सेंट्रल रनवे पर निर्माण कार्य की वजह से 14 से 28 जून तक विमानों के संचालन पर रोक लगाई थी। उन्होंने बताया कि 11 जून के बाद रविवार को पहली बार दोपहर दो बजे से विमानों का संचालन शुरू हो जाएगा।
16 को होगी बैठक
एयरलाइंस ऑपरेटर्स तथा एयरपोर्ट अथोरिटी ऑफ इंडिया सहित भारतीय वायु सेना के उच्चधिकारियों की संयुक्त बैठक 16 जुलाई को होगी। इस बैठक में सिविल एयरोड्राम के लिए रेगुलर बेसिस पर रनवे उपलब्ध करवाने के लिए बातचीत की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार पूर्व में रनवे के नियमित रूप से उपलब्ध होने के लिए अनुमानित रूप से सितंबर माह तय किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य जल्दी पूरा होने पर इससे पहले भी रनवे उपलब्ध हो सकता है।
जबरदस्त भीड़
एयर इंडिया के स्थानीय प्रबंधक मोहम्मद आरिफ ने बताया कि सत्रह दिनों बाद शुरू हो रही उड़ानों में जोधपुर से दिल्ली व मुंबई के लिए जबर्दस्त भीड़ है तथा रविवार को दोनों फ्लाइट्स हाउस फुल हैं। उन्होंने बताया कि इसी तरह मुंबई तथा दिल्ली से आने वाली फ्लाइट्स में यात्रियों की संख्या अधिक रहेंगी।