News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। प्रति व्यक्ति आय में हम देश में पहले नंबर पर पहुंच गए है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को जींद जिले जिले के गांव पिल्लूखेड़ा में धन्यवाद रैली को संबोधित कर रहे थे। इसका आयोजन स्थानीय विधायक बच्चन सिंह आर्य ने किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कर्ज माफी योजना से प्रदेश के 6.64 लाख से अधिक किसानों के 2108 करोड़ 46 लाख रुपए का लाभ पहुंचा है। बिजली की कमी हमें विरासत में मिली है। किसान समय पर बिजाई कर लें, इसके लिए सरकार 9 रुपए प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीद कर उन्हें सस्ती दरों पर उपलब्ध करा रही है। रैली में हुड्डा ने कहा कि पिल्लूखेड़ा को नगरपालिका का दर्जा मापदंड पूरे होते ही दिया जाएगा।
सड़कों एवं पुलों पर खर्च होंगे 1400 करोड़ : भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वित्तीय वर्ष में सड़कों एव पुलों के निर्माण पर लगभग 1400 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। सीएम ने यह जानकारी सफीदों में 3. 83 करोड रुपए की लागत से बनाए गए 3.25 किलोमीटर लम्बे सफीदों बाईपास का उद्घाटन करने के उपरांत दी। मुख्यमंत्री ने गांगोली गांव में 33 केवी सब स्टेशन का उद्घाटन किया। इस सब स्टेशन निर्माण से पूर्व 132 के वी सब स्टेशन, खेड़ी तलौडा से निकलने वाले 11 के वी स्तर के फीडर द्वारा बिजली आपूर्ति की व्यवस्था थी।
बोर्ड गांव को बेहतर जानता है
सिलाखेड़ी (जींद) . जींद जिले के गांव सिलाखेड़ी में प्रदेश के पहले ग्रामीण स्पोर्ट्स स्टेडियम का उद्घाटन सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया। स्टेडियम का निर्माण हरियाणा मंडी बोर्ड ने किया है।
आधुनिक सुविधाओं व अंतरराष्ट्रीय मापदंडों पर तैयार किया गया यह स्टेडियम साढ़े छह एकड़ जमीन में तैयार किया गया है। रिकॉर्ड समय में तैयार किए गए स्टेडियम को देख कर सीएम ने मंडी बोर्ड की कार्यप्रणाली की तारीफ की और कहा कि यह काम बोर्ड ही कर सकता है, क्योंकि आप गांव को बेहतर तरीके से जानते हो। सीएम ने कहा कि मंडी बोर्ड खेत, किसान और गांव से सीधा जुड़ा है। उन्हें पता है, गांव की क्या जरुरत है। इसका ध्यान रखते हुए ही बोर्ड ने 50 लाख रुपए की लागत से यह स्टेडियम तैयार किया है।
इससे पूर्व अपनी विशेष बातचीत में बोर्ड के मुख्य प्रशासक राम निवास ने बताया कि बोर्ड प्रदेश में 158 स्टेडियम का निर्माण कर रहा है। इस साल के अंत तक प्रदेश में 50 खेल स्टेडियमों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि बोर्ड की कुशल कार्यप्रणाली को देखते हुए ही उन्हें मॉडल विलेज विकसित करने का काम भी दिया गया है। जिस पर अभी काम चल रहा है। इस अवसर पर उनके साथ चीफ इंजीनियर प्रेम सिंह व एसई हैडक्वार्टर अमर सिंह भी उपस्थित थे।