News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने राजपुरा व रोपड़ की नगर पालिका चुनाव में अकाली दल व भाजपा के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ बागी होकर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को पार्टी से निकाल दिया है।
अकाली दल के सचिव डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के देखते हुए इन बागी उम्मीदवारों की पार्टी से प्राथमिक सदस्यता भी खारिज कर दी गई है।
चीमा ने बताया कि राजपुरा में जिन बागी उम्मीदवारों को पार्टी विरोधी कार्रवाई करके निकाला गया है, उनमें वार्ड नंबर 7 से सतविंदर सिंह, वार्ड नंबर 17 से अरविंदरपाल सिंह राजू तथा वार्ड नंबर 21 से मुरलीधर अरोड़ा के नाम शामिल है। इसी तरह से रोपड़ नगर पालिका में चुनाव लड़ रहे बागी उम्मीदवार को पार्टी निकाला गया है, उनमें वार्ड नंबर 2 से अमरजीत सिंह सैणी, वार्ड नंबर 10 से बलजिंदर सिंह लाडी तथा वार्ड नंबर 15 से गुरमीत सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उनकी पार्टी सदस्यता खारिज कर दी गई है।
काउंसिल चुनाव की तैयारियां पूरी
पटियाला. जिला प्रशासन ने तीस जून को होने वाले जिले की पांचों नगर काउंसिलों बनूड़, राजपुरा, सनौर, नाभा और समाना के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूर्ण होने का दावा किया है। डिप्टी कमिश्नर धर्मजीत सिंह ग्रेवाल ने बताया कि पांचों नगर काउंसिलों में कुल एक लाख ६३ हजार ७२९ वोटर इलेक्ट्रानिक मशीनों के जरिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल सोमवार को सुबह आठ बजे से सांय चार बजे तक करेंगे। चुनाव परिणाम भी इसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। पांचों काउंसिलों से 346 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
डीसी ने बताया कि चुनाव को सफल बनाने के लिए लगभग आठ सौ कर्मचारियों व अधिकारियों की डच्यूटी लगाई गई है। जहां तक प्रत्येक नगर कौंसिल में उम्मीदवारों का मामला है तो राजपुरा नगर कौंसिल के 25 वार्डो के लिए 95 उम्मीदवार, सनौर के 13 वार्डो के लिए 34 उम्मीदवार, समाना के 17 वार्डो के लिए 113 उम्मीदवार और नाभा के 23 वार्डो के लिए 66 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि नाभा में 48, राजपुरा में 53, सनौर में 4, नाभा में 48 और समाना में 43 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
ग्रेवाल ने बताया कि कल रविवार को पोलिंग पार्टियां पोलिंग सामग्री लेकर अपने-अपने पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना होंगी। इससे पहले इन चुनाव के लिए तैनात किए जाने वाले पोलिंग स्टाफ को रिहर्सल करवायी जा चुकी है और इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों के मतदान के लिए इस्तेमाल संबंधी तकनीकी जानकारी स्टाफ को दी जा चुकी है।
शराब के ठेके रहेंगे बंद
चुनाव के दौरान अमन और कानून बनाए रखने के लिए उन इलाकों में शराब के ठेके, होटल, बार इत्यादि बंद रखे जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिन म्यूनीसिपल कौंसिलों के इलाकों में चुनाव होने हैं। इसी तरह डिप्टी कमिश्नर ने इन्हीं म्यूनीसिपल कौंसिलों के इलाकों में हथियार लेकर चलने पर पाबंदी लगा दी है। उन्होंने बताया कि यह आदेश चुनाव स्टाफ के सुरक्शा कर्मचारी, डच्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा, लेकिन चुनावी उम्मीदवार के सुरक्षा कर्मचारी पोलिंग स्टेशन के भीतर हथियार समेत नहीं जा सकेंगे।
प्रचार थमा, मतदान के तुरंत बाद गणना
बठिंडा. बठिंडा नगर निगम चुनाव के बाद जिले की बाकी नगर काउंसिलों सहित, संगरूर, मानसा व बरनाला जिलों में भी चुनाव प्रचार शनिवार को थम गया। नगर काउंसिलों के लिए सोमवार 30 जून सुबह आठ बजे वोटिंग शुरू होगी और शाम चार बजे तक चलेगी। वोटिंग समाप्त होने के बाद ही चुनाव परिणाम के नतीजों की घोषणा की जाएगी। बठिंडा के अंतर्गत छह नगर काउंसिल संगत मंडी, मौड़ मंडी, गोनियना मंडी, भुच्चो, रामपुरा और रामां मंडी के लिए चुनाव होगा।
मानसा में मानसा नगर काउंसिल के लिए 20 वार्डे तथा बुढ़लाडा, बरेटा और सरदूलगढ़ में 13-13 वार्डे में चुनाव होगा। बरनाला जिला में बरनाला नगर काउंसिल, भदौड़, धनौला और तपामंडी में चुनाव होगा।
संगरूर में 649 उम्मीदवार
संगरूर. जिले की ८ नगर काउंसिलों हेतु करीब ६४९ उम्मीदवार अपने भाग्य को आजमा रहे हैं। किसी भी अप्रिय घटना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
संवेदनशील बूथों पर कमांडो, आईआरबी
चंडीगढ़. पंजाब में 30 जून को होने वाले नगर काउसिंल व नगर पंचायतों का चुनाव प्रचार शनिवार को देर शाम बंद हो गया। 30 जून को 5 नगर पंचायतें और 90 नगर काउंसिलों में चुनाव होगा। इनमें अकाली-भाजपा और कांग्रेस पार्टी के उम्मीदावर पार्टी चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसको लेकर प्रशासन ने कड़े सुरक्षा किए हैं।
डीजीपी कार्यालय ने चुनाव के दौरान सुरक्षा प्रबंध कड़े करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध मे डीजीपी एनपीएस औलख ने कहा कि आईजी व डीआईजी रेंज को निर्देश दिए हैं कि जरूरत के अनुसार सभी स्थानों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाए।
जिला एसएसपी को तैनात फोर्स की स्टेटस रिपोर्ट भी भेजने को कहा है। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील पोलिंग बूथों पर कमांडो व आईआरबी बटालियन के जवानों को तैनात करने का फैसला किया है। लेकिन जहां पर अतिसंवेदनशील पोलिंग स्टेशनों वहां पर पुलिस फोर्स अधिक से अधिक तैनात करने के लिए जिला एसएसपी को विशेष तौर पर हिदायत जारी कर दी गई है।