राई.
मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्कूल राई का खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए इंटरनेशनल स्कूल अवार्ड के लिए चयन किया गया है। यह सम्मान ब्रिटिश काउंसिल द्वारा प्रदान किया जाएगा।
पहली बार भारत में यह सम्मान किसी सरकारी स्कूल को प्रदान किया जा रहा है। सम्मान मिलने की घोषणा से खेल स्कूल प्रशासन में खुशी का माहौल है। स्पोर्ट्स स्कूल राई के डायरेक्टर एवं प्राचार्य कैप्टन वीके वर्मा ने दैनिक भास्कर को बताया कि ब्रिटिश काउंसिल विश्व के प्रमुख स्कूलों की गतिविधियों की बारीकी से निरीक्षण कर उन्हें सम्मानित करती है।
खेल स्कूल को वर्ष 2008 से 2011 तक के लिए सम्मानित करने की घोषणा की है। ब्रिटिश काउंसिल ने देशभर के स्कूलों की खेल व शिक्षा से संबंधी रिपोर्ट आमंत्रित की थी। देशभर के नामी- गिरामी स्कूलों ने अपनी पर परफोरमेंस काउंसिल को भेजी थी, जिसमें खेल स्कूल ने बाजी मारी।
चेन्नई में प्राचार्य को मिलेगा यह सम्मान
प्राचार्य कैप्टन विनय कुमार वर्मा ने बताया कि अगस्त माह में ब्रिटिश काउंसिल चेन्नई में एक समारोह का आयोजन करेगा, जिसमें खेल स्कूल राई को प्रशंसा पत्र एवं ताम्र पत्र सौंपा जाएगा।
स्पोर्ट्स स्कूल के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि
मोतीलाल नेहरू स्पोट़्र्स स्कूल राई का १५ अगस्त १९७३ को शुरू हुआ था। तत्कालीन मुख्यमंत्री सीएम बंसीलाल ने उद्घाटन किया था। स्थापना के २५ साल बाद इंटरनेशनल स्तर का पहला अवार्ड मिला है।
स्कूल खुलने पर मनाया जाएगा जश्न
मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्कूल में ग्रीष्मकालीन छुट्टियां समाप्त होने के बाद जश्न मनाया जाएगा।
शिक्षकों एवं छात्रों की मेहनत ने दिलाया सम्मान
प्राचार्य कैप्टन वर्मा ने बताया कि आज उनका स्कूल को आधुनिक गुरुकुल बनाने का सपना साकार हो गया है। जिस उद्देश्य को लेकर स्कूल का निर्माण किया गया था, वह आज पूरा हो गया है। स्कूल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवार्ड मिलने के पीछे शिक्षकों एवं छात्रों की मेहनत है। स्कूल ने खेल, शिक्षा व अनुशासन के क्षेत्र में एक अनूठी मिसाल पेश की है।