Business
Personal Finance Personal Finance बाजार का मूड इन दिनों ठीक नहीं है। जिन्होने धन खोया है, उनका निराश होना स्वाभाविक है। निवेशकों को यह समझ में नहीं आ रहा है कि वे बाजार में कितना जोखिम उठाएं। जोखिम निवेशक की क्षमता से तय होता है। अगर किसी निवेशक को यह मालूम चल जाए कि वह कितना जोखिम उठा सकता है तो वह बाजार के नकारात्मक रुझान के हिसाब से खुद को ढाल सकता है।
इस तरह नुकसान को कम कर सकता है। हम यहां पांच सवाल दे रहे हैं जिनके ईमानदारी से जवाब देकर निवेशक खुद जान सकता है कि वह किस वर्ग में है, जोखिम उठाने वाले निवेशकों के वर्ग में या फिर सावधानी से चाल चलने वालों के वर्ग में।
1. आप एक टीवी गेम शो में विजयी रहे हैं। आप कौन-सा विकल्प पसंद करेंगे?
1,00,000 रुपए नकद ग्यारेंटेड (1 अंक)
2,00,000 रुपए, लेकिन संभावना 50 फीसदी (3 अंक)
5,00,000 रुपए, लेकिन संभावना 20 फीसदी (5 अंक)
50,00,000 रुपए, लेकिन संभावना 2 फीसदी (9 अंक)
2. आप ताश के गेम में 5,000 रुपए हार गए हैं। अब इस 5,000 रुपए को वापस पाने के लिए आप और कितना पैसा दांव पर लगाएंगे?
कुछ भी नहीं, गेम छोड़ देंगे (1 अंक)
1,000 रुपए (2 अंक)
2,500 रुपए (4 अंक)
5,000 रुपए (6 अंक)
5,000 रुपए से अधिक (8 अंक)
3. आपने जिस शेयर में पैसे लगाए थे, उसका भाव एक महीने के भीतर 15 फीसदी ऊपर चढ़ जाता है। आप क्या करेंगे?
शेयर बेचकर अपना लाभ हासिल कर लेंगे (1 अंक)
होल्ड करेंगे ताकि वह और ऊपर चढ़े (3 अंक)
और अधिक शेयर खरीदेंगे (4 अंक) 4. आपने जिस शेयर में पैसे लगाए थे, उसका भाव एक महीने के भीतर 15 फीसदी नीचे गिर जाता है। बाजार के बुनियादी घटक ठीक नजर आ रहे हैं। ऐसे में आप क्या करेंगे? शेयर तुरंत बेच देंगे ताकि और ज्यादा नुकसान को रोक सके (1 अंक) होल्ड कर फिर से पुराने भाव पर लौटने का इंतजार करेंगे (3 अंक)
गिरती कीमतों का फायदा उठाकर और अधिक शेयर खरीदेंगे (4 अंक)
5. आप एक नई कंपनी के महत्वपूर्ण अधिकारी हैं। आपको वार्षिक बोनस चुनने के दो विकल्प दिए गए हैं। आप कौन-सा विकल्प चुनेंगे? 75,000 रुपए नकद (1 अंक)
कंपनी के शेयर। अगर कंपनी सफल रहती है तो ये शेयर आपको 7,50,000 रुपए तक दिलवा सकते हैं, लेकिन विफल रहने पर आपके हाथ कुछ भी नहीं लगेगा। (5 अंक)
5 से 18 अंक : आप संभलकर चलने वाले निवेशक हैं। आप ज्यादा वित्तीय जोखिम उठाने से परहेज करते हैं। जब भी निवेश करते हैं, कम मात्रा में करते हैं।
सबक : अगर मार्केट की स्थिति अच्छी है तो आपको अपने जोखिम के स्तर को थोड़ा ऊपर करना चाहिए। इसमें आपको ज्यादा रिटर्न मिल सकेगा।
19 से 30 अंक : आप जोखिम उठाने वाले निवेशक हैं और हमेशा अधिक लाभ प्राप्त करने के प्रयास में रहते हैं। आप उन शेयरों पर भी विचार कर सकते हैं जिनकी रेटिंग अच्छी नहीं है, लेकिन रिटर्न की संभावना ज्यादा है।
सबक : अगर मार्केट की स्थिति बहुत खराब है और आप जोखिम उठाने वाले निवेशकों में से एक हैं तो आपको सतर्क रहने की जरूरत है।
(लेखिका ‘फिन आप्शंस’,भोपाल में बिजनेस एनालिस्ट हैं।)